Featured Post

Recommended

जाने कैसे सुनी-सुनाई बातों से एक नई मान्यता बन जाती है...

हम अक्सर अपने आसपास तरह-तरह के किस्से और कहानियाँ सुनते हैं। कभी किसी व्यक्ति को लेकर, कभी किसी खास धारणा को लेकर, कभी किसी धार्मिक मान्यता ...

जाने कैसे सुनी-सुनाई बातों से एक नई मान्यता बन जाती है...

जाने कैसे सुनी-सुनाई बातों से एक नई मान्यता बन जाती है...

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

हम अक्सर अपने आसपास तरह-तरह के किस्से और कहानियाँ सुनते हैं। कभी किसी व्यक्ति को लेकर, कभी किसी खास धारणा को लेकर, कभी किसी धार्मिक मान्यता के बारे में और कभी किसी ऐसी घटना के बारे में, जिसे सुनकर हम हैरान रह जाते हैं।

लेकिन क्या आपने कभी रुककर यह सोचा है कि जो बात हम सुन रहे हैं, वह वास्तव में उतनी ही सही है, जितनी हमें बताई जा रही है?

या फिर वह भी ऐसी ही कोई बात है, जो एक व्यक्ति के मुँह से दूसरे व्यक्ति तक पहुँचते-पहुँचते बदल गई?

आखिर किस्से और कहानियाँ बनती कैसे हैं? एक छोटी-सी घटना कब एक बड़ी कहानी का रूप ले लेती है? और क्या हमें हर ऐसी कहानी पर विश्वास कर लेना चाहिए?

आइए, आज मैं अपनी ज़िंदगी में घटी कुछ घटनाओं और बचपन में सुनी एक लोककथा के माध्यम से इसी बात को समझने की कोशिश करता हूँ।

पहली घटना

बात उस समय की है, जब मैं टीनएज में था।

एक बार मेरे कमरे में मेरे मौसेरे भाई मुझसे अपने मन मुताबिक कुछ धार्मिक वीडियो सर्च करवा रहे थे। वह मुझसे बड़े थे, और मैं उनके कहने के मुताबिक वीडियो सर्च करके डाउनलोड कर रहा था।

उनमें से कुछ वीडियो एक पीर द्वारा कही गई बातों से जुड़े थे और वह पीर उस समय जीवित भी थे।

अचानक उन पीर की वीडियो की ओर इशारा करते हुए मेरे मौसेरे भाई ने मुझसे कहा—

“ये ऐसी शख्सियत हैं कि अगर आसमान की ओर निगाह भरकर देख लें तो जलजला आ जाए।”

यह बात सुनकर मैं हैरान रह गया।

मेरे मन में तुरंत एक सवाल आया—

“जब अब तक उन पीर ने ऐसा कोई चमत्कार किया ही नहीं, तो मैं कैसे मान लूँ कि वह ऐसा कर सकते हैं?”

बाद में जब मैंने उन पीर द्वारा कही गई बातें सुनीं, तो उनमें अच्छी बातों के साथ-साथ कई किस्से-कहानियों का भी ज़िक्र था।

अब ज़रा उसी एक वाक्य पर वापस आते हैं—

“ये ऐसी शख्सियत हैं कि अगर आसमान की ओर निगाह भरकर देख लें तो जलजला आ जाए।”

मान लीजिए, मेरे मौसेरे भाई यह बात अपने जानने वाले दस लोगों को बताते हैं।

उन दस लोगों में से कुछ लोग ऐसे होंगे, जो इस बात को बिना जाँचे ही सच मान लेंगे। वे आगे अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को बताएँगे।

और सोचिए, अगर कुछ साल बाद उन्हीं पीर का इंतक़ाल हो जाए, तो यही बात और भी आसानी से एक पुरानी करामत के रूप में सुनाई जा सकती है।

फिर वही बात किसी के मुँह से कुछ इस तरह निकलेगी—

“वह पीर ऐसे थे कि आसमान की तरफ़ देखते थे तो जलजला आ जाता था।”

क्योंकि अब यह पता लगाना और भी मुश्किल होगा कि वास्तव में उन्होंने ऐसा कोई करिश्मा किया भी था या नहीं।

लेकिन कुछ भोले लोग हमेशा यही कहेंगे—

“हाँ, ऐसा ही था। हमने तो कई लोगों से सुना है।”

और यहीं से एक सुनी-सुनाई बात लोगों के लिए धीरे-धीरे एक पक्की मान्यता बन सकती है।

दूसरी घटना

अब दूसरी घटना सुनिए।

यह मुहर्रम की 10वीं तारीख़ की रात की बात है। मैं एक नदी के पास वाले रास्ते से गुजर रहा था। उस समय कर्बला की घटना की याद में बनाए गए ताजियों को सुपुर्द-ए-आब, यानी विसर्जित किया जा रहा था। वहाँ काफी भीड़ थी और मेरे कई करीबी तथा जान-पहचान के लड़के भी मौजूद थे।

वहाँ रास्ते में लगा टेंट आने-जाने में थोड़ी परेशानी पैदा कर रहा था। वहीं मेरी नज़र एक जान-पहचान के व्यक्ति पर पड़ी। मैंने देखा कि वह व्यक्ति भी इसी वजह से एक हाथ से टेंट के एक पाइप को पकड़कर उसे थोड़ा ऊपर उठा देता है, ताकि ताजिए का निचला हिस्सा पाइप से न टकराए और बाकी लोग आसानी से वहाँ से निकल सकें।

अब यहाँ एक महत्वपूर्ण बात समझिए।

वह टेंट बेवजह ही जगह घेर रहा था। ऐसा लगता था कि टेंट का काम पूरा होने के बाद लोग उसकी रस्सियाँ और पर्दे निकालकर सिर्फ़ पाइप लगे छोड़ गए थे। वह भी एक ऊबड़-खाबड़, यानी ऊँची-नीची जगह पर।

इसलिए उस व्यक्ति का एक हाथ से पाइप को थोड़ा ऊपर उठा देना अपने आप में कोई हैरानी वाली बात नहीं थी।

लेकिन कुछ लोगों तक पहुँचते-पहुँचते बात कहाँ तक बदल सकती है, इसके बारे में अब आप आगे पढ़िए।

अगले दिन मेरे चाचा का लड़का मेरे पास बड़े आश्चर्य से आया और बोला—

“शब्बीर भाई, क्या यह सच है कि कल उस व्यक्ति ने एक हाथ से टेंट उठा दिया था?”

उसने उसी व्यक्ति का नाम लिया था, जिसने पिछली रात टेंट का पाइप ऊपर उठाया था।

मैं हैरान हो गया कि जिस मामूली घटना को मैंने पल भर में नज़रअंदाज़ कर दिया था, उस घटना का ज़िक्र दूसरे दिन भी हो रहा है।

मैं समझ गया कि किसी ने उस घटना को बढ़ा-चढ़ाकर उसे बताया है। असल में मैंने अपनी आँखों से देखा था कि वहाँ कुछ भी ऐसा नहीं हुआ था, जिसका ज़िक्र दूसरी बार भी किया जाए।

मेरा उस दिन ज़्यादा बात करने का मन नहीं था, तो मैंने चाचा के लड़के को पूरी बात समझाने के बजाय बस कह दिया—

“हाँ, उठा दिया था।”

हो सकता है, मेरे उस छोटे-से जवाब से उसके मन में उस व्यक्ति की एक बिल्कुल अलग छवि बन गई हो।

अब उसके मन में शायद उस व्यक्ति की ऐसी छवि बन चुकी थी, जैसे उसमें आम लोगों से अलग कोई खास शक्ति हो।

और अगर यही मामूली-सा कारनामा किसी धार्मिक ओहदे पर बैठे व्यक्ति या किसी ऐसे मशहूर शख्स ने किया होता, जिसके बहुत से प्रशंसक हों, तो लोग इस बात को आगे बढ़ाते-बढ़ाते इसे कुछ और ही रूप दे सकते थे। आने वाले दिनों में यह मामूली-सा कारनामा एक बड़ी कहानी बन सकता था।

शायद आगे कोई कहने लगता—

उसने एक हाथ से पूरा टेंट उठा दिया!

कुछ समय बाद कोई और कह सकता था—

उसने वह विशाल टेंट एक हाथ से ऊपर उठा दिया था।

फिर कोई कह सकता था—

टेंट के पाइप ज़मीन में गड़े हुए थे, फिर भी उसने पूरा टेंट उखाड़कर ऊपर उठा दिया।

और कोई अपनी तरफ़ से यह भी जोड़ सकता था—

जब उसने पाइप उठाया, तो टेंट से बँधी चारों रस्सियाँ तक टूट गईं।

आगे चलकर शायद कोई यह भी कह देता कि उसके आसपास लगे दूसरे टेंट भी उखड़ने लगे थे।

और देखते ही देखते एक साधारण घटना एक असाधारण कहानी बन सकती थी।

एक छोटी-सी बात आगे बढ़ते-बढ़ते कितनी बड़ी बन सकती है, इसका अंदाज़ा आप लगा सकते हैं।

बचपन में सुनी हुई एक बंगाल की लोककथा याद आती है

शायद आपने भी यह कहानी कभी पढ़ी या सुनी हो।

यह कहानी भी इसी बात को बहुत सरल तरीके से समझाती है कि जब कोई बात एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुँचती है, तो वह किस तरह धीरे-धीरे बदल सकती है।

कहानी कुछ इस तरह है।

एक पंडित खेत से होकर गुजर रहा था।

चलते-चलते अचानक उसे लगा कि उसके मुँह में कुछ चला गया है।

उसने तुरंत उसे थूक दिया।

उसने पाया कि वह मुर्गे का एक पंख था।

पंडित को समझ नहीं आया कि वह पंख उसके मुँह में कैसे आया। वह इस बात को लेकर बहुत परेशान हो गया।

जब वह अपने घर पहुँचा तो उसने अपनी पत्नी को यह घटना बताई। उसने अपनी पत्नी से कहा कि यह बात किसी को मत बताना, नहीं तो लोग इसका गलत मतलब निकालेंगे।

उसकी पत्नी ने कसम खाकर कहा कि वह किसी को नहीं बताएगी।

लेकिन पत्नी से रहा न गया। उसके मन में वह बात रह गई। क्योंकि वह बात सुनकर उसकी पत्नी बहुत हैरान हो गई थी, इसलिए उसके मन में यह बात किसी को बताने की इच्छा होने लगी। उसने मन ही मन खुद से कहा, “मैं यह बात अपने तक नहीं रख सकती। मेरा सिर फट रहा है।”

आखिरकार उसने वह बात अपनी सबसे भरोसेमंद पड़ोसन को बताने की सोची।

उसने पड़ोसन से भी कहा—

“यह बात किसी को मत बताना।”

पड़ोसन ने भी कहा—

“चिंता मत करो बहन, मैं किसी को नहीं बताऊँगी।”

शायद उसके कहने का ढंग कुछ और था और उसकी पड़ोसन ने उस बात का मतलब कुछ इस तरह निकाला कि मानो पंडित के मुँह से कई पंख निकले हों। वह हैरान रह गई, लेकिन फिर भी उसने खुद को विश्वास दिलाया कि ऐसी घटनाएँ हो सकती हैं और उस औरत को सलाह दी कि वह इस बारे में चिंता न करे।

उसने फिर कहा, “कृपया किसी को यह बात मत बताना।” पड़ोसन ने भी भरोसा दिलाया कि वह यह बात किसी को नहीं बताएगी।

पंडित की पत्नी ने यह बात अपनी पड़ोसन को बता तो दी, पर वह यह नहीं समझी कि एक भरोसेमंद पड़ोसन की भी कई भरोसेमंद पड़ोसन होती हैं।

अब कहानी में एक नया मोड़ आता है।

उस पड़ोसन की भी इच्छा हुई कि वह यह बात किसी और को बताए।

वह रास्ते में एक धोबन से मिली और उसने उसे पूरी बात बता दी।

लेकिन शायद बात बताते समय शब्दों में थोड़ा बदलाव आ गया।

या फिर धोबन ने बात को कुछ और समझ लिया।

धोबन हैरान होकर बोली, “अरे, ये कैसे हो सकता है? पंडित जी तो शाकाहारी हैं!”

उसकी भी इच्छा थी कि वह यह बात किसी और को बताए।

धोबन ने यह बात किसी और को बता दी।

अब एक पंख वाली बात धीरे-धीरे ऐसी सुनाई जाने लगी, मानो पंडित के मुँह से मुर्गा निकला हो।

फिर किसी और तक पहुँचते-पहुँचते बात और बदल गई।

कहने वाले ने जोश में आकर दूसरे से मुर्गा की जगह मुर्गे कह दिया, या फिर सुनने वाले ने यह समझ लिया कि उसने मुर्गे कहा है।

एक औरत ने अपने पति को यह बात बताई तो उसने इसे इस तरह बताया, मानो पंडित के मुँह से एक मुर्गा नहीं, बल्कि एक के बाद एक कई मुर्गे बाहर निकले हों।

और जैसे-जैसे यह कहानी फैलती गई, मुर्गे कई सारी चिड़ियों में बदल गए।

फिर जैसे-जैसे कहानी आगे फैलती गई, बात और बदलती गई।

और धीरे-धीरे पूरे गाँव और आसपास के गाँवों में यह खबर फैल गई कि उस पंडित के मुँह से कई अलग-अलग चिड़ियाँ निकलती हैं।

लोग झुंड बनाकर उसके घर पहुँचने लगे।

वे इस घटना को किसी चमत्कार की तरह देखने लगे।

पंडित ने लोगों से कहा कि उसके मुँह से कोई चिड़िया नहीं निकली थी।

लेकिन अब समस्या यह थी कि लोग उसकी बात मानने को तैयार नहीं थे।

लोगों ने तो पहले ही अपने मन में एक कहानी बना ली थी।

अब वे चाहते थे कि पंडित अपनी उस “चमत्कारिक शक्ति” को सबके सामने दिखाए।

पंडित समझ गया कि बात कहाँ से कहाँ पहुँच गई है।

आखिरकार वह परेशान होकर पीछे के दरवाज़े से निकल गया और जंगल में जाकर छिप गया।

वह कुछ दिनों तक वहीं रहा, जब तक लोगों का उत्साह ठंडा नहीं हो गया।

यह केवल एक लोककथा है, लेकिन इसके अंदर छिपी बात बहुत दिलचस्प है।

एक पंख की बात लोगों तक पहुँचते-पहुँचते मुर्गे और फिर चिड़ियों तक पहुँच गई।

आखिर ऐसा होता क्यों है?

अब सवाल यह है कि ऐसा होता क्यों है?

क्यों एक छोटी-सी घटना बड़ी कहानी बन जाती है?

इसके कई कारण हो सकते हैं।

कभी कोई व्यक्ति बात को ठीक से समझ नहीं पाता।

कभी याददाश्त घटना में अपनी तरफ से कुछ जोड़ देती है।

कभी कहानी सुनाने वाला उसे ज्यादा रोचक बनाने के लिए उसमें कुछ शब्द जोड़ देता है।

कभी सुनने वाला पहले से किसी धारणा को मानता है, इसलिए वह नई बात को उसी धारणा के अनुसार समझता है।

और कभी-कभी लोग सिर्फ इसलिए किसी बात को सच मान लेते हैं, क्योंकि वह बात उन्हें बहुत सारे लोगों से सुनने को मिलती है।

लेकिन यहाँ हमें एक बात याद रखनी चाहिए—

किसी बात का बहुत लोगों तक पहुँचना और उसका सच होना, दोनों एक ही बात नहीं हैं।

किसी कहानी को सौ लोगों ने सुना हो, हजार लोगों ने सुनाया हो या लाखों लोगों ने मान लिया हो—इससे अपने आप यह साबित नहीं होता कि वह घटना वास्तव में उसी तरह हुई थी।

इसके लिए प्रमाण की जरूरत होती है।

बिना प्रमाण वाली कहानी को कैसे देखें?

मेरे विचार से यहाँ एक और बात बहुत जरूरी है।

अगर कोई कहानी हमारे सामने आती है और उसका कोई साफ स्रोत या प्रमाण नहीं है, तो उसे तुरंत सच मान लेने के बजाय संदिग्ध मानकर चलना ज्यादा सुरक्षित है।

और अगर वह कहानी हमारे किसी काम की भी नहीं है, तो उसे सच मानने की कोई जरूरत ही नहीं है।

उसे बस एक कहानी समझकर आगे बढ़ जाना बेहतर है।

कहानी से सीख लेना और उसे सच हुई घटना मान लेना दो अलग बातें हैं।

अगर किसी कहानी का कोई साफ आधार नहीं है, तो हम उसकी अच्छी बात को अपना सकते हैं, लेकिन यह जरूरी नहीं कि हम उसे सच हुई घटना भी मानें।

मेरे विचार से सबसे सुरक्षित तरीका यही है कि—

जिस कहानी का कोई साफ स्रोत या प्रमाण नहीं है, उसे पहले सच नहीं, बल्कि एक कहानी मानकर चलें।

अगर बाद में उसके सही होने का कोई प्रमाण मिलता है, तो बात अलग है।

काश कि मेरा यह पोस्ट किसी व्यक्ति के लिए यही एक सवाल पैदा कर दे—

“मैं जिन बातों को वर्षों से सच मानता आया हूँ, क्या मैंने कभी यह जानने की कोशिश की कि उनका आधार क्या है?”

और यही इस लेख का उद्देश्य है।

इसलिए अगली बार जब कोई आपको कोई ऐसी कहानी सुनाए, जिसे आपने पहले भी कई लोगों से सुना हो, तो सिर्फ यह मत सोचिए कि—

“इतने लोग कह रहे हैं, तो जरूर सच होगा।”

और बात सिर्फ कहानियों तक सीमित नहीं है

आप सभी ने यह नोटिस किया होगा कि लोग अक्सर अपने-अपने धर्मों में दिखाई देने वाली कमियों को स्वीकार नहीं करते। बल्कि वे अपने मन के मुताबिक़ बातों को घुमा-फिराकर ग़लत को सही साबित करने की कोशिश करते रहते हैं।

विज्ञान और धर्म के बीच कई जगह असमानता साफ़ दिखाई देती है, जिसे हम आज के समय में आसानी से समझ सकते हैं। लेकिन ज़्यादातर लोग इसे नज़रअंदाज़ कर देते हैं या उसकी व्याख्या इस तरह बदल देते हैं कि उनका विश्वास बना रहे।

यह भी देखा गया है कि अगर किसी धर्म में विज्ञान से जुड़ी कोई आधुनिक बात मिल जाए, तो उस धर्म के लोग ख़ुश हो जाते हैं और उसे अपने धर्म की विशेषता मानने लगते हैं, यह जाने बिना कि वही ज्ञान या विचार उनके धर्म से हज़ारों साल पहले भी मौजूद हो सकता है।

यह भी देखा गया है कि लोग अपने धर्म की बातों को पत्थर की लकीर मान लेते हैं, बिना यह जाने कि जिन अच्छी बातों और नियमों को वे अपने धर्म की विशेषता समझते हैं, उनमें से सभी पहले के धर्मों और सभ्यताओं में भी मौजूद रहे हो सकते हैं।

हर व्यक्ति अक्सर अपने धर्म को सबसे अच्छा समझता है, जबकि उसने दूसरे धर्मों के बारे में शायद ठीक से जाना भी नहीं होता।

यही वजह है कि अपने धर्म को महान साबित करने के लिए लोग अपने धर्म के संस्थापकों या उसे फैलाने वाले लोगों से जुड़े ऐसे किस्से भी सुनाते और गढ़ते रहते हैं, जिनका कोई ठोस आधार नहीं होता। वहीं, अपने धर्म की कमियों और बुराइयों को छिपाने की कोशिश की जाती है और दूसरे धर्मों की कमियों और बुराइयों को ज़्यादा उजागर किया जाता है।

लगभग हर धर्म के लोग चाहते हैं कि दूसरे धर्म को मानने वाला व्यक्ति उनका धर्म अपना ले। लेकिन ज़रा सोचिए, अगर कोई व्यक्ति दूसरे धर्मों को जाने-समझे बिना सिर्फ़ अपने ही धर्म को आँख बंद करके सही मानता रहेगा, तो फिर वह अपने धर्म को छोड़कर किसी दूसरे धर्म को क्यों अपनाएगा?

आख़िर वह भी तो वही कर रहा है, जो आप कर रहे हैं। जिस तरह आप अपने धर्म को सही मानते हैं, उसी तरह वह भी अपने धर्म को सही मानता है। वह भी अपने धर्म के बारे में वही बातें सुनकर बड़ा हुआ है, जो आपने अपने धर्म के बारे में सुनी हैं।

इसलिए किसी भी धर्म को सिर्फ़ इसलिए सही मान लेना कि हम उसी में पैदा हुए हैं, और दूसरे धर्मों तथा दूसरी सभ्यताओं को जाने बिना अपने धर्म को सर्वश्रेष्ठ समझ लेना—क्या यह सच को जानना कहलाएगा?

एक मशहूर कहावत है—कुएँ के मेंढकों ने फैसला कर लिया कि समुद्र सिर्फ़ एक अफ़वाह है।

यानी जब किसी की दुनिया सिर्फ़ एक कुएँ तक सीमित हो, तो उसके लिए उस कुएँ से बाहर की विशाल दुनिया को समझ पाना मुश्किल हो जाता है। ठीक इसी तरह, अगर हम दूसरे धर्मों, संस्कृतियों और सभ्यताओं को जाने-समझे बिना सिर्फ़ वही मानते रहें, जो हमें बचपन से बताया गया है, तो हो सकता है कि हम सच को नहीं, बल्कि अपनी सीमित जानकारी को सच समझ रहे हों।

सच तो वही है जो जानकर अपनाया जाए।

और वह सच आप तभी जान पाएँगे, जब आपकी अंतरात्मा यह कहने का साहस करे—

मेरी नज़र में मेरे धर्म से भी बढ़कर अगर कोई चीज़ है, तो वह है सच।

सवाल चावल पर उठते हैं, बिरयानी पर नहीं!

सवाल चावल पर उठते हैं, बिरयानी पर नहीं!

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

गर्मियों में फ्रिज अक्सर जरूरत से ज्यादा भरा-भरा रहने लगता है। कारण भी साफ है — शरीर और दिल दोनों को ठंडक देने वाली चीजें उसी में जगह मांगती रहती हैं। कभी ठंडे पानी की बोतलें, कभी मौसमी फल, कभी दही, सलाद, हरी सब्जियां, रायता, बची हुई दाल-सब्जी, तो कभी रात का आटा। कुल मिलाकर फ्रिज ऐसा महसूस होने लगता है जैसे कोई छोटा-मोटा गोदाम हो।

इसी भीड़भाड़ के बीच पिछले कई दिनों से मेरी नजर एक बड़े कटोरे पर बार-बार जा रही थी। उसमें पके हुए चावल रखे थे। पहले दिन लगा ठीक है, दूसरे दिन लगा चलो अभी भी चल जाएगा, लेकिन तीसरे दिन जब नया सामान रखने के लिए मैंने फ्रिज खोला और वही कटोरा सामने दिखाई दिया, तो मेरे अंदर का “फ्रिज मैनेजर” भड़क उठा।

अब मन में बस यही चल रहा था कि या तो इन चावलों का खेल खत्म करो या इन्हें बाहर निकालो। आधा फ्रिज तो मानो इन्होंने ही घेर रखा था।

असल वजह यह नहीं थी कि कोई उन चावलों को खा नहीं रहा था, बल्कि उन्हें नजरअंदाज किए जाने की वजह यह थी कि घर में हर दिन कुछ न कुछ ताजा और स्वादिष्ट बन रहा था। ऐसे में बेचारे चावल लगातार फ्रिज में पड़े अपनी किस्मत का इंतजार कर रहे थे।

मैंने सोचा कि आखिर किया क्या जाए।

तभी मन में विचार आया कि क्यों न इन्हें बढ़िया तरीके से फ्राई कर दिया जाए। लेकिन अगले ही पल दिमाग ने सवाल दाग दिया — तीन दिन पुराने चावल… कहीं ज्यादा तो नहीं हो गए? एक-दो दिन होते तो बात अलग थी।

फिर मैंने चैटजीपीटी से पूछा कि तीन दिन पुराने चावल खाना ठीक है या नहीं।

उसने बताया कि अगर पके हुए चावल 3–4 दिन तक फ्रिज में सही तरीके से रखे गए हों, तो कई लोग उन्हें खा लेते हैं, लेकिन इसमें थोड़ा रिस्क रहता है। खासकर चावल में ‘बैसिलस सेरियस’ नाम का बैक्टीरिया बढ़ सकता है, जो फूड पॉइज़निंग का कारण बन सकता है।

फिर चैटजीपीटी ने ध्यान रखने वाली कुछ जरूरी बातें भी बताईं — चावल पकने के बाद उन्हें जल्दी ठंडा करके फ्रिज में रखा गया हो, फ्रिज ठीक से ठंडा हो, और उन चावलों को बार-बार बाहर निकालकर गर्म-ठंडा न किया गया हो। साथ ही यह भी कहा कि 1–2 दिन के अंदर खाना सबसे सुरक्षित माना जाता है और 3–4 दिन पुराने चावल में सावधानी ज्यादा बेहतर है। अगर कभी बिजली गई हो, फ्रिज बंद रहा हो या चावल लंबे समय तक बाहर रहे हों, तो उन्हें नहीं खाना चाहिए।

आखिरकार, मैंने निर्णय लिया कि अब इन चावलों का सम्मानजनक पुनर्जन्म किया जाए। इसलिए सबसे पहले प्याज को बढ़िया तरीके से फ्राई किया। फिर उसमें कुटा जीरा, कुटी सौंफ और कुटी काली मिर्च डाली। उसके बाद उबाले और निचोड़े हुए सोया चंक्स डाले, फिर हरी मिर्च, टमाटर और दूसरी सब्जियां डालीं, और आखिर में उन चावलों को ऐसा तगड़ा फ्राई किया कि साधारण लेफ्टओवर राइस एकदम देसी फ्राइड राइस में बदल गए।

लेकिन कहानी में ट्विस्ट अभी बाकी था।

इतनी मेहनत से साधारण चावलों को वेज पुलाव जैसा शानदार रूप देने के बाद अचानक मैंने ताजा खाना ही खा लिया, क्योंकि भिंडी, रायता और घी चुपड़ी रोटियों के नज़ारे ने मेरा मूड ही बदल दिया। उस समय सोचा कि रात में भूख लगेगी तो फ्राइड राइस खा लूंगा।

लेकिन रात आई और साथ में याद आया कि मैंने नहाने जाने से पहले मैंगो जूस बनाया था और अपने हिस्से का जूस पहले से ही फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दिया था, ताकि बाद में उसे सुकून से पी सकूं।

फिर क्या था…

मैंने एक बेहद बड़े कांच के गिलास में स्ट्रॉ लगाया और सुकून से यूट्यूब वीडियो देखते हुए पूरा जूस पी गया। उसके बाद पेट ने अंदर से मानो ऐलान कर दिया — “अब भाई, एक दाना भी अंदर नहीं आएगा…”

अब समस्या यह थी कि शानदार मसालेदार सोया फ्राइड राइस फ्रिज में पड़े थे और मेरे पेट में उनके लिए एक चम्मच जगह भी नहीं बची थी। इसके बाद मामला सिर्फ खाने का नहीं रहा था। अब यह भावनात्मक लगाव का विषय बन चुका था। आखिर इतनी मेहनत… तेल, मसाले और सब्जियां… सब बेकार कैसे जाने देता?

उस रात चैटजीपीटी के वैज्ञानिक ज्ञान से हटकर मेरे मन में एक अलग ही ख्याल आया — वह यह कि खाने के मामले में इंसान अक्सर सुरक्षा से पहले स्वाद को चुनता है।

सच कहूं, अगर यही साधारण चावल न होकर लज़ीज़ बिरयानी होती, तो शायद मैं चैटजीपीटी से एक भी सवाल नहीं पूछता। सीधे बिरयानी गरम करता, प्लेट भरता और चुपचाप खा जाता।

यही इंसानी स्वभाव है।

जब खाना साधारण होता है, तो दिमाग वैज्ञानिक बन जाता है। लेकिन जब वही चीज मसालों, तड़के और लज़ीज़ स्वाद में बदल जाए, तो इंसान अंदर ही अंदर दार्शनिक बन जाता है और फिर अपने मन ही मन सोचता है — “जिंदगी में थोड़ा जोखिम तो चलता है…”

आपने अक्सर लोगों को यह कहते सुना होगा कि चाय में मक्खी गिर जाए तो इंसान पूरी चाय फेंक देता है, लेकिन वही मक्खी अगर घी में गिर जाए, तो लोग सिर्फ मक्खी निकालकर घी फिर इस्तेमाल कर लेते हैं।

दरअसल, इसी इंसानी स्वभाव को समझने के लिए एक सटीक उदाहरण यह भी है —

फ्रिज में दिनों तक रखे साधारण चावलों पर इंसान शक करता है, सवाल पूछता है… लेकिन वही इंसान फ्रिज में उतने ही दिन रखी लज़ीज़ बिरयानी चुपचाप चट कर जाता है।

यूट्यूब का वो सच—जो हर यूज़र झेलता है, पर कोई बोलता नहीं!

यूट्यूब का वो सच—जो हर यूज़र झेलता है, पर कोई बोलता नहीं!

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

आजकल यूट्यूब वाले तो मानो विज्ञापन उद्योग के ब्रांड एम्बेसडर बन चुके हैं। यूट्यूब अब वीडियो प्लेटफ़ॉर्म कम, और “विज्ञापन प्रसारण सेवा” ज़्यादा लगने लगा है।

अब देखो, यह भी सच है कि यूट्यूब इतना सारा कंटेंट अपने सिर पर ढो रहा है, तो कमाई भी ज़रूरी है—वरना इतनी भारी ज़िम्मेदारी कैसे उठाएगा?
लेकिन जनाब, कमाई और “अति-लालच” में भी थोड़ा फर्क होता है।

म्यूज़िक सुनने के लिए यूट्यूब पर ही निर्भर रहने वाले एक आम इंसान की ट्रैजेडी देखिए—
जनाब अच्छे मूड में हैं। दिल चाहता है कि कोई पसंदीदा गाना सुना जाए।

जैसे ही उँगली वीडियो पर जाती है, और दिमाग में गाने की शुरुआती धुन की आस जगती है—कि अब ये बस बजने ही वाली है…
तभी अचानक कानों पर एक तेज़ हमला होता है—

‘मैं आपसे सिर्फ़ एक घंटा माँगता हूँ…’

बस… यहीं सब कुछ खत्म हो जाता है!

मूड ऐसा टूटता है जैसे किसी ने चाय में अमचूर डाल दिया हो।
आप जिस एहसास में जाने वाले थे, वहाँ जाने से पहले ही आपको ज़मीन पर पटक दिया जाता है—एक तेज़, चिल्लाता हुआ, जबरन घुसाया गया विज्ञापन सुनाकर।

यूट्यूब महाराज को यह बात अच्छी तरह पता है कि इंसान जब गाना सुनना चाहता है, तो वह इस दुनिया से, इस शोर से, इस तनाव से दूर भागना चाहता है।
लेकिन जनाब, आपने तो उसी “शोर” को गाने के दरवाज़े पर खड़ा कर दिया!

चार मिनट के गाने के पहले दो-दो विज्ञापन ठूँस देना—यह कौन-सा न्यायशास्त्र है? और आवाज़ इतनी तेज़—क्या पड़ोसी के घर टीवी खराब है, इसलिए हमारी तरफ़ से सेवा दे रहे हो?

यह तो वैसा ही है—जैसे हम डांडिया महोत्सव में पूरे जोश के साथ पहुँचे हों, इस उम्मीद में कि फाल्गुनी पाठक बस अब स्टेज पर आने ही वाली हैं…

और जैसे ही पर्दा खुले—कोई ‘पाठक साहब’ माइक लेकर खड़े मिलें और फरमाएँ—
‘पहले मेरी दो बातें सुन लीजिए।’

सच में, तीन-चार मिनट के गाने के पहले विज्ञापन ठूँसने का आइडिया किस महान आत्मा को आया होगा?
भाई, अगर लगाना ही है तो बीच में लगा लो—कम से कम शुरुआत तो सुकून से होने दो! बाद में तुम्हारा विज्ञापन भी झेल लेंगे।

और सोचने वाली बात यह है कि ये विज्ञापन भी ऐसे-ऐसे होते हैं, जिनका आपके मूड से कोई लेना-देना नहीं।
आप रोमांटिक गाना सुनने आए हैं, और सामने इंश्योरेंस, टूथपेस्ट या मोटिवेशनल गुरु जी खड़े मिलते हैं।

और असली अत्याचार तो तब होता है जब आप ईयरफ़ोन का वॉल्यूम फुल करके आराम से लेटे होते हैं—पूरी तैयारी के साथ कि आज तो गाने में डूब ही जाएँगे…
और तभी—धड़ाम!

एक ऐसा विज्ञापन कानों में घुसता है जैसे किसी ने लाउडस्पीकर सीधे दिमाग में फिट कर दिया हो।
वो दो-तीन सेकंड भी ऐसा एहसास देते हैं जैसे सिर के अंदर पटाखा फूट गया हो।

आप तुरंत वॉल्यूम कम करते हैं, लेकिन तब तक जो नुकसान होना था, वो हो चुका होता है—मूड का पोस्टमॉर्टम।

और फिर शुरू होता है सबसे बड़ा इम्तिहान—
उस “स्किप ऐड” बटन का इंतज़ार…
जो कभी-कभी ऐसे देर से आता है, जैसे आपसे बदला ले रहा हो।
और मानो कह रहा हो—
“गाना सुनने आए हो, तो उसका कर्ज भी अदा करो… इतने आसानी से स्किप नहीं होने दूँगा!”

पहले के दिन भी क्या दिन थे—
आप कोई भी वीडियो चलाते थे, और साइड में उसी माहौल वाले वीडियो अपने-आप दिखने लगते थे।
अब हालत ये है कि आप कोई पॉडकास्ट देख रहे होते हैं, और बगल में ध्रुव राठी की वीडियो, कोई डॉक्यूमेंट्री, या कुछ और ही ‘ज्ञान का बम’ फूट रहा होता है।
कोई गारंटी नहीं कि उसी कैटेगरी की वीडियो दिखेगी।
मतलब एल्गोरिदम भी अब ‘मनमर्जी विभाग’ में ट्रांसफर हो चुका है।

कभी-कभी तो लगता है कि यूट्यूब ने यह तय कर लिया है—
“अगर इंसान खुश है, तो उसे ज़्यादा देर खुश नहीं रहने देना।”

सच कहें तो, यूट्यूब ने सिर्फ़ विज्ञापन नहीं बढ़ाए…
उसने संगीत और इंसान के बीच जो सीधा रिश्ता था, उसके बीच एक दीवार खड़ी कर दी है—
जिसका नाम है “ऐड ब्रेक।”

और दीवार भी ऐसी, जो हर बार वहीं आकर खड़ी हो जाती है—
जहाँ दिल को सबसे ज़्यादा सुकून मिलने वाला होता है।

ईस्ट इंडिया कंपनी: व्यापार से शासन तक की कहानी

ईस्ट इंडिया कंपनी: व्यापार से शासन तक की कहानी

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

एक दिन इंग्लैंड में कुछ व्यापारियों ने सोचा—
भारत में मसाले हैं,
कपड़ा है,
और सबसे बड़ी बात—पैसा है।

अगर वहाँ व्यापार मिल जाए,
तो फायदा ही फायदा है।

इसी सोच के साथ
ईस्ट इंडिया कंपनी बनी
और जहाज़ों के साथ
भारत की ओर रवाना हो गई।

कुछ समय बाद
कंपनी भारत के तटों तक पहुँच गई—
लेकिन यहाँ एक सच्चाई थी:

आ जाना आसान था,
टिकना और व्यापार करना नहीं।

उस समय भारत पर
मुग़ल साम्राज्य का शासन था—
और उसकी ताक़त बहुत बड़ी थी।

मतलब साफ था—
बिना इजाज़त
कोई भी बाहरी व्यापारी
यहाँ व्यापार नहीं कर सकता था।

कंपनी को भी
झुकना पड़ा।

दरबार में पहुँची,
अनुमति माँगी,
और मुग़ल नियमों के अनुसार
व्यापार करने की इजाज़त मिली।

समय बीता…

और फिर आया दौर
औरंगज़ेब का।

अब भी कंपनी मौजूद थी—
लेकिन ताक़त नहीं थी।
उसे मुग़ल नियमों के अनुसार ही व्यापार करना पड़ता था।

लेकिन कंपनी के कुछ नेताओं को लगा कि
समुद्र में उनकी ताक़त बढ़ रही है
और वे मुग़ल सत्ता पर दबाव बना सकते हैं।

इसी सोच से
मुग़ल साम्राज्य से टकराव शुरू हुआ।

कंपनी ने मुग़ल जहाज़ों और व्यापार पर
दबाव बनाने की कोशिश की।

लेकिन यह फैसला
कंपनी पर ही भारी पड़ गया।

मुग़ल सत्ता उस समय
बहुत शक्तिशाली थी।

औरंगज़ेब के आदेश पर
कंपनी की कई फैक्ट्रियों पर कार्रवाई की गई,
संपत्ति ज़ब्त कर ली गई,
और उनका व्यापार रोक दिया गया।

आख़िर में
कंपनी को हार माननी पड़ी।

इतनी बुरी हार हुई
कि कंपनी के प्रतिनिधियों को
दरबार में जाकर

झुककर
माफ़ी माँगनी पड़ी,
भारी जुर्माना देना पड़ा,
और साथ ही वादा करना पड़ा—
कि आगे से वे यह गलती फिर कभी नहीं करेंगे।

उस दिन कंपनी को
एक बात समझ आ गई—

अभी नहीं…
अभी वे कमजोर हैं।

लेकिन एक दिन
ताक़तवर बनेंगे।

सीधी लड़ाई छोड़ दी गई
और रास्ता बदल दिया गया।

समय बीता…

औरंगज़ेब के बाद
मुग़ल साम्राज्य
धीरे-धीरे कमजोर होने लगा।

भारत में नई शक्तियाँ उभरने लगीं—

मराठा शक्ति बढ़ी,
सिख शक्ति मजबूत हुई,
और कई क्षेत्रीय नवाब
अपनी-अपनी सत्ता मजबूत करने लगे।

पूरे देश में
राजनीतिक बिखराव फैलने लगा।

जहाँ सत्ता बिखरती है,
वहीं मौके पैदा होते हैं—

और कंपनी को
ऐसे ही मौके का इंतज़ार था।

सीधी लड़ाई की जगह
अब चालें चली गईं—

दरबारों में दख़ल,
आपसी फूट,
रिश्वत,
और साज़िश।

धीरे-धीरे
व्यापार पीछे छूट गया…

और सत्ता
सामने आ गई।

फिर एक निर्णायक मोड़ आया—

प्लासी का युद्ध

यह सिर्फ एक युद्ध नहीं था,
बल्कि सत्ता बदलने की शुरुआत थी।

साज़िश और गद्दारी के सहारे
कंपनी ने जीत हासिल की।

यहीं से
सब कुछ बदल गया।

जो टैक्स देता था
→ अब टैक्स लेने लगा

जो अनुमति माँगता था
→ अब आदेश देने लगा

जो मेहमान था
→ अब मालिक बन गया।

इसके बाद
असली खेल शुरू हुआ।

भारत से कच्चा माल बाहर जाने लगा।
इंग्लैंड में उसी से सामान तैयार होता,
और वही सामान
भारत में महँगे दामों पर बेचा जाता।

धीरे-धीरे
भारत का पुराना कपड़ा उद्योग टूटने लगा,
और कारीगर बेरोज़गार होने लगे।

नतीजा साफ था—

किसान पर बोझ बढ़ने लगा,
कारीगरों की रोज़ी छिनने लगी।

ऊपर से टैक्स,
नीचे से भूख,
और बीच में
अंग्रेज़ी हुकूमत की लूट।

स्थानीय उद्योग टूटने लगे।
किसान पर बोझ बढ़ता गया।
और कंपनी का खजाना भरता गया।

फिर अकाल आए—

लोग भूखे मरते रहे,
लेकिन माल
विदेश जाता रहा।

धीरे-धीरे लोगों को समझ आने लगा—

यह शासन उनके हित में नहीं था,
बल्कि उनके शोषण का साधन बन चुका था।

और जब जनता समझ जाती है,
तो इतिहास बदलना शुरू हो जाता है।

देश भर में आवाज़ उठने लगी—

कहीं आंदोलन,
कहीं बलिदान।

अलग-अलग आवाज़ें
एक साथ आने लगीं।

धीरे-धीरे
पूरा देश जाग गया…

और अंत में
अंग्रेज़ों को भारत छोड़ना पड़ा।

जो देश दबाया गया था—
वह आज़ाद हो गया।

यह सिर्फ
अंग्रेज़ों की कहानी नहीं है।

यह एक सबक है—

जब कोई सिर्फ लेने लगता है,
और देने का संतुलन खत्म हो जाता है,

तो एक दिन
उसे सब कुछ छोड़कर जाना ही पड़ता है।

लालच धीरे-धीरे नहीं गिराता…
सीधे नीचे गिराता है।

व्यापार करना गलत नहीं था,
ताक़त बढ़ाना भी गलत नहीं था—

लेकिन जब सब कुछ
सिर्फ अपने फायदे के लिए हो जाए,
तो अंत
पहले ही तय हो जाता है।

कभी-कभी इतिहास
छोटे-छोटे फैसलों से बदल जाता है।

यहाँ एक दिलचस्प सवाल उठता है—
अगर उस दिन औरंगज़ेब की सत्ता में
अंग्रेज़ों को माफ़ न किया जाता
और उन्हें उसी वक्त भारत से निकाल बाहर कर दिया जाता,
तो आगे का इतिहास कैसा होता?
हम भारतीयों का जीवन कैसा होता—
बेहतर या बदतर,
या शायद उससे भी कठिन?

औरंगज़ेब को एक कठोर शासक माना जाता है।
उसकी नीतियाँ पहले के मुग़ल बादशाहों जितनी उदार नहीं थीं।

औरंगज़ेब के दौर में कई समुदायों के साथ सख़्ती हुई,
लेकिन उसके पीछे कारण सिर्फ धर्म नहीं, बल्कि सत्ता और राजनीति भी थी।

यह सिर्फ धर्म में सही या गलत का मामला नहीं था—
यह सत्ता, डर और उस समय की सोच का मिश्रण था।

जहाँ भी औरंगज़ेब को लगा कि कोई समूह उसकी सत्ता के खिलाफ खड़ा हो सकता है,
वहाँ उसने सख़्ती दिखाई।

इसलिए यह कहना आसान नहीं कि
अगर मुग़ल शासन जारी रहता,
तो हम भारतीयों का जीवन कैसा होता—
बेहतर, बदतर, या शायद उससे भी कठिन।

लेकिन यह ज़रूर कहा जा सकता है कि—

हर जीत सिर्फ युद्ध से नहीं मिलती…
कभी-कभी अहिंसा भी
एक बड़ी ताक़त बन जाती है।

फ्री स्टॉक फुटेज = लेज़ी क्रिएटिविटी का सबूत…

फ्री स्टॉक फुटेज = लेज़ी क्रिएटिविटी का सबूत…

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

आजकल कंटेंट बनाना इतना आसान हो गया है—
जैसे क्रिएटिविटी भी अब “डाउनलोड” होकर मिलने लगी हो।

एक स्क्रिप्ट उठाओ,
अपनी आवाज़ चिपकाओ,
और फिर… फ्री स्टॉक फुटेज का ट्रक उलट दो।

पिक्साबे, पेक्सेल्स — सब कुछ फ्री है,
तो ठूंसो भाई, जमकर ठूंसो!

और फिर बड़े गर्व से कहो —
“देखो, कितना प्रोफेशनल वीडियो बनाया है।”

असल में ये प्रोफेशनल नहीं,
“प्रो-फालतू” बन जाता है।

सीधी बात —
फ्री स्टॉक फुटेज = लेज़ी क्रिएटिविटी का सबूत।

मुझे हॉरर स्टोरी सुनना बहुत पसंद है —
वो दिल को छू लेने वाला डर,
जो दिमाग में ऐसा एहसास देता है
कि डर के होते हुए भी हम सुरक्षित महसूस करते हैं।

लेकिन आजकल के चैनल क्या करते हैं?

जैसे ही कहानी इंट्रेस्टिंग होती है —
धड़ाम! स्क्रीन पर एक खून से सना चेहरा,
टूटा हुआ जबड़ा,
और आँखें फाड़े एक डरावनी छवि सामने आ जाती है!

मतलब डराना है या हार्ट अटैक देना है?

कहानी कह रही है — “अंधेरा गलियारा…”
और वीडियो दिखा रहा है —
“भूत जी का क्लोज़-अप फोटोशूट।”

ये फुटेज कहानी से उतने ही जुड़े होते हैं,
जितना समोसे में पास्ता फिट बैठता है।

बस “हॉरर फेस” सर्च किया,
डाउनलोड किया,
और ठेल दिया।

नतीजा?
सिर्फ डर रह जाता है,
और कहानी की रोचकता से ध्यान हट जाता है।

असल डर तो सन्नाटे में होता है —
सूखे पत्तों की आवाज़,
दूर चलती परछाईं,
हवा की खामोशी…

लेकिन नहीं,
हमें तो हर दो मिनट में
“भूत जी का सेल्फी मोमेंट” दिखाना है।

लोग सोचते हैं —
“फ्री मिला है, ज्यादा डालेंगे तो वीडियो मस्त लगेगा।”

सच्चाई ये है —
जितना ज्यादा ठूंसोगे,
उतना ही कंटेंट उबाऊ लगेगा।

और यहीं पर एक बात अक्सर मन में आती है…

जब हम अपना कंटेंट खुद बना रहे हैं,
तो विज़ुअल्स भी अपने क्यों नहीं बनाते?
हम अपने ही लोगों को, अपनी ही जगहों को क्यों नहीं दिखाते?

मान लीजिए आप एक ढाबे से जुड़ी हॉरर स्टोरी बना रहे हैं —
तो क्यों न आप अपने दोस्तों के साथ
रात में किसी ढाबे पर जाकर शूट करें?

वही असली माहौल,
वही असली फील —
जो किसी भी फ्री फुटेज से नहीं मिल सकता।

जब आप अपना कंटेंट खुद शूट करते हैं,
तो उसमें एक अलग ही जान होती है…
और वही जान सीधे दर्शक तक पहुँचती है।

सबसे खास बात —
अच्छा कंटेंट लोग जल्दी-जल्दी नहीं,
बल्कि रुक-रुक कर, ठहराव के साथ देखना पसंद करते हैं।

क्योंकि वहाँ सिर्फ वीडियो नहीं होता,
वहाँ असलियत होती है।

एक दिन, सुबह चाय के साथ
मैं एक इंडियन हॉरर स्टोरी सुन रहा था।

कहानी में माइक पर बोल रहा व्यक्ति कह रहा था:
दो दोस्त थे…
गाँव का सुनसान रास्ता था…
तभी पुलिस ने गाड़ी रोक ली।

पर वीडियो में क्या दिखा रहे थे?

जंगल में पुलिस कार…
और उसमें से उतर रही एक अफ्रीकी लड़की।

अब कहानी भारतीय गाँव की,
पुलिस वाले सारे मर्द…

लेकिन फुटेज कह रही है —
“ग्लोबल विलेज बना देते हैं भाई!”

दर्शक सोचता है —
“ये कहानी है या इंटरनेशनल एक्सचेंज प्रोग्राम?”

जब डॉक्यूमेंट्री भी ‘मिक्स एंड मैच’ खेलती है,
तब तो कमाल ही हो जाता है।

एक डॉक्यूमेंट्री में
सद्दाम हुसैन की कहानी चल रही थी —
पॉलिटिक्स, ड्रामा, फांसी तक।

और बैकग्राउंड में?
करबला… वहाँ के मातम की फुटेज।

मतलब…
कहानी कुछ और,
फुटेज कुछ और।

बस “इराक जैसा लग रहा है” —
इतना कनेक्शन काफी समझ लिया!

अब दर्शक कन्फ्यूज —
“ये इतिहास है या रिलिजन का रीमिक्स?”

ट्रस्ट?
वो तो वहीं खत्म हो जाता है।

और आजकल एक और अजीब ट्रेंड दिख रहा है…

न्यूज़ चैनल अब ज़रूरत से ज़्यादा
AI इमेज का इस्तेमाल करने लगे हैं।

समस्या ये नहीं कि AI इस्तेमाल हो रहा है —
समस्या ये है कि
गलत इमेज भी बिना सुधारे ही डाल दी जाती है।

एक बार AI ने जो बना दिया,
बस वही सीधे चला दिया जाता है।

और सबसे अजीब बात —
AI अक्सर भारतीय चेहरों को
एक जैसे टेम्पलेट में ढाल देता है।

जबकि सच्चाई ये है कि
यहाँ लोगों के चेहरे
अलग-अलग रंग, टोन और बनावट में होते हैं।

लेकिन AI वही दिखा रहा है,
जो डेटा उसे मिला है —
और वो डेटा भी अक्सर वहीं से आता है
जहाँ विदेशी लोग भारत आकर
कुछ चुनिंदा तस्वीरें लेकर चले जाते हैं।

अब ये तो हुई AI इमेज की बात…

लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं होता।
यही हाल फ्री स्टॉक फुटेज के साथ भी हो रहा है।

ऐसे ही एक दिन क्रिप्टो वीडियो खोला —
सोचा आज कुछ ज्ञान मिलेगा।

वीडियो शुरू —
बिटकॉइन, ब्लॉकचेन, ट्रेडिंग…

और स्क्रीन पर?
पेड़ हिल रहे हैं,
हवा बह रही है,
स्लो मोशन में प्रकृति मुस्कुरा रही है।

क्यों?
क्योंकि “रिलैक्सिंग नेचर फुटेज” फ्री थी।

भाई, ये क्रिप्टो है या योगा क्लास?

चार्ट दिखाओ,
डेटा दिखाओ,
मार्केट दिखाओ…

लेकिन नहीं,
हमें तो पेड़ों से ही ट्रेडिंग समझानी है।

नतीजा —
दिमाग भी हवा के साथ बह जाता है।

अगर स्टोरी में दम है,
तो आवाज़ ही काफी है,
चेहरा ही काफी है।

बाकी सब सजावट है,

और सजावट अगर ज़्यादा हो जाए,
तो घर नहीं…
शादी का पंडाल लगने लगता है।

अच्छे क्रिएटर्स जानते हैं —
कम दिखाओ, सही दिखाओ।

हॉरर है तो माहौल बनाओ,
डॉक्यूमेंट्री है तो रिसर्च दिखाओ,
क्रिप्टो है तो डेटा और विज़ुअल्स दिखाओ।

हर जगह “फ्री मिला तो डाल दो” —
ये क्रिएटिविटी नहीं,
आलस का प्रदर्शन है।

फ्री स्टॉक फुटेज इस्तेमाल करना गलत नहीं है,

लेकिन बिना सोचे-समझे,
बिना मैच किए,
सिर्फ इसलिए कि “फ्री है” —

ये साफ-साफ लेज़ी क्रिएटिविटी है।

तो अगली बार जब
हॉरर स्टोरी में भूत जी अचानक फोटो खिंचवाने आ जाएँ,

या किसी डॉक्यूमेंट्री में बेमेल फुटेज घुसा दी जाए,

या क्रिप्टो वीडियो में पेड़ लहराने लगें,

तो समझ जाना —

फ्री स्टॉक फुटेज वाला सीन है।

इससे अच्छा तो AI इमेज इस्तेमाल कर लेता —
कम से कम कंटेंट से मेल तो खाती।

और वैसे भी असली असर

ना उस फुटेज में है,
ना उस इफेक्ट में,

वो छुपा है —
शब्दों में,
आवाज़ में,
और सही टाइमिंग वाले सस्पेंस में।

बाकी सब…
बस फ्री का लालच है।

तस्वीरों में अपना-सा ईरान, खबरों में पराया क्यों?

तस्वीरों में अपना-सा ईरान, खबरों में पराया क्यों?

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

कुछ चित्र ऐसे होते हैं जो सिर्फ तस्वीरें नहीं होते…
वे यादों के दरवाज़े होते हैं।

उन्हें देखते ही बचपन की खुशबू, मासूमियत और सादगी जैसे फिर से ज़िंदा हो उठती है—
और हम अनजाने में ही उसी दुनिया में लौट जाते हैं,
जहाँ ज़िंदगी आसान थी… और दिल सच्चे थे।

ऐसे ही कुछ चित्रों ने मुझे रोक लिया।
इतना कि एक दिन मेरी नज़र उनके सिग्नेचर पर ठहर गई।

थोड़ा खोजा… और तब पता चला कि ये खूबसूरत रचनाएँ एक ईरानी कलाकार अली मिरी की हैं।

उनकी कला सिर्फ चित्र नहीं बनाती—
वो एहसास जगा देती है।

कहीं बच्चे खेलते दिखते हैं,
कहीं परिवार एक साथ बैठा होता है…
और हर दृश्य में एक सुकून छुपा होता है,
जो धीरे-धीरे दिल में उतरता जाता है।

उनके कुछ चित्रों में दीवार पर रुहोल्ला खोमैनी की तस्वीर भी नजर आती है—
जो उनके ईरानी परिवेश की झलक देती है…
लेकिन भावनाएँ?
वो बिल्कुल अपनी-सी लगती हैं।

और शायद यहीं से एक सच्चाई समझ में आती है—

ईरान के लोग भी हमारी तरह ही हैं…
वही हँसी, वही रिश्ते, वही छोटी-छोटी खुशियाँ, वही ज़िंदगी।

तो फिर सवाल उठता है—

जिस देश के लोग इतने अपने जैसे हैं…
उसे दुनिया के सामने “पराया” क्यों दिखाया जाता है?

अक्सर दुनिया में “अच्छा” और “बुरा” तय करने का पैमाना भी ताकत से तय होता है।

आपने सुना होगा—
ईरान पर दबाव इसलिए है क्योंकि वह न्यूक्लियर प्रोग्राम चला रहा है।

यह सच है कि दुनिया में सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा है…
लेकिन क्या पूरी कहानी सिर्फ इतनी ही है?

अगर थोड़ा गहराई से देखें, तो बात सिर्फ न्यूक्लियर या आतंकवाद की नहीं लगती…
बात लगती है—नियंत्रण की, ताकत की, और यह तय करने की कि कौन झुकेगा और कौन नहीं।

ईरान की “गलती” क्या थी?

बस इतनी कि उसने कहा—
हम अपने फैसले खुद लेंगे।

अपने संसाधनों पर अपना हक माँगा।
और झुकने से इंकार किया।

फिर क्या हुआ?

प्रतिबंध लगे।
छवि खराब की गई।
दबाव बढ़ाया गया।

संदेश सीधा था—
या तो झुको… या झुका दिए जाओ।

आज की दुनिया देखिए—

हमले होते हैं… जवाब दिए जाते हैं।
लेकिन इस टकराव के बीच सबसे ज्यादा कौन पिसता है?

मासूम लोग।

आज ग़ज़ा में हज़ारों बच्चे, औरतें, परिवार—अपनी जान गंवा चुके हैं।
अस्पताल तक सुरक्षित नहीं रहे।

कारण बताया जाता है—
वहाँ आतंकी छिपे थे।

लेकिन एक सवाल दिल में चुभता है—

अगर किसी जगह कुछ गलत लोग छिपे हों…
तो क्या उस पूरी जगह को मिटा देना इंसाफ़ है?
क्या वे बच्चे भी दोषी थे?

यहीं एक पुरानी कहानी याद आती है—

एक धनी व्यक्ति था, जिसके पास एक बंदर था, जो उसकी सेवा करता था।

एक दिन वह व्यक्ति सो रहा था।
एक मक्खी बार-बार आकर उसे परेशान कर रही थी।

बंदर ने यह देखा… और उसे सहन नहीं हुआ।
वह मक्खी को भगाने की कोशिश करता रहा,
लेकिन जब वह बार-बार लौटती रही, तो वह झुंझला गया।

आखिरकार उसने एक बड़ा पत्थर उठाया…
और ज़ोर से वार कर दिया।

लेकिन उस एक वार में…
उसने अपने ही स्वामी की जान ले ली।

सीख बहुत साफ है—

मूर्खता और जल्दबाज़ी,
हमेशा विनाश लाती है।

आज भी कहीं-कहीं यही हो रहा है—
एक को खत्म करने के नाम पर
सैकड़ों मासूमों को मिटा दिया जाता है।

असल मुद्दा क्या है?

सिर्फ हथियार नहीं।
सिर्फ आतंकवाद नहीं।

असल खेल है—
ताकत, संसाधन और नियंत्रण।

और सबसे बड़ी सच्चाई?

ताकतवर देश कहानियाँ बनाते हैं…
और दुनिया उन्हें सच मान लेती है।

लेकिन असली कहानियाँ कहीं और लिखी जाती हैं—

मासूमों के खून में,
टूटी हुई छतों के नीचे,
और उन आँखों में…

जो आज भी बस एक ही सवाल पूछ रही हैं—

“हमारा कसूर क्या था?”

जो नाना ने देखा, हमने बाद में समझा

जो नाना ने देखा, हमने बाद में समझा

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

आज मैं अपने नाना की ज़िंदगी की कुछ झलकियाँ लिख रहा हूँ। इनमें डर भी है, खोने का दर्द भी, पाने की उम्मीद भी, और कुछ ऐसी घटनाएँ भी हैं जिन पर आज बहुत से लोग शायद यक़ीन न करें। यहाँ मैं वही लिख रहा हूँ, जो नाना की ज़ुबानी मैंने कई बार सुना।

यह वाक़या करीब 1947 के आसपास का है, लेकिन इसकी शुरुआत उससे भी पहले की घटनाओं से होती है। नाना के पिता एक भारतीय सैनिक थे। सेना में अपना कर्तव्य निभाने के बाद उनका मन पूरी तरह इबादत की ओर लग गया था। वे बेहद समझदार और पढ़े-लिखे बुज़ुर्ग इंसान थे, और अपना ज़्यादातर समय इबादत में ही बिताया करते थे।

उनका इंतकाल रहस्यमय परिस्थितियों में हुआ। एक दिन वे घर की छत पर इबादत कर रहे थे। तभी अचानक घरवालों ने देखा कि वे सीढ़ियों से नीचे गिर पड़े। उसी हादसे में उनकी रूह परवाज़ कर गई। हैरानी की बात यह थी कि उनके शरीर पर कोई गंभीर चोट दिखाई नहीं दे रही थी, जबकि पूरी सीढ़ियाँ खून से लथपथ थीं।

उन्होंने यह बात बहुत पहले ही कह दी थी कि उन्हें ग्वालियर में ज़िन्नातों की मस्जिद के पास स्थित कब्रिस्तान में ही दफ़न किया जाए। उनके इंतकाल के बाद उनकी यही इच्छा पूरी की गई।

जब नाना के वालिद का साया उनके सिर से उठा, तब नाना की उम्र मुश्किल से 14–15 साल रही होगी। कुछ दिनों बाद, जब नाना अपने वालिद की कब्र पर ग़मगीन होकर फ़ातिहा पढ़ रहे थे, तभी अचानक कई बकरियाँ आकर उनके आसपास खड़ी हो गईं। उसी समय एक चरवाहे के भेष में कोई उनके पास आया और बोला, “इस ख़ाक में क्या रखा है?”

नाना ने शांत, मगर शायराना अंदाज़ में जवाब दिया, “यह ख़ाक मेरे लिए बहुत क़ीमती है।”

वह कुछ क्षण उन्हें देखते रहे, फिर बोले, “तू अपने बाप का बहुत अच्छा बेटा है। यह दुआ पढ़।”

फिर उन्होंने वह दुआ पढ़कर सुनाई और कहा, “इसे पढ़ने से तू मालामाल हो जाएगा। लेकिन एक शर्त है—किसी से नहीं कहना कि तेरी मुलाकात मुझसे हुई, और यह दुआ भी किसी को मत बताना।”

नाना ने हँसकर कहा, “तुम खुद इसे पढ़कर अमीर क्यों नहीं बन जाते?”

इस पर उन्होंने नाना से बस इतना ही कहा, “तू अभी बहुत छोटा है…”

इस बातचीत के बाद नाना एक किनारे जाकर नमाज़ पढ़ने लगे। जैसे ही उन्होंने सलाम फेरा, वह जो चरवाहे के भेष में थे, वहाँ से गायब थे। यहाँ तक कि दूर-दूर तक कोई बकरी भी दिखाई नहीं दी।

नाना का स्वभाव ऐसा था कि वे केवल अपने बारे में नहीं सोचते थे। उनके मन में आया—जब मेरे अपने लोगों को भी पैसों की ज़रूरत है, तो यह दुआ उनसे क्यों छिपाऊँ?

जब वे दाल बाज़ार पहुँचे, तो वही चरवाहे के भेष वाला उन्हें फिर दिखाई दिया। उसे देखकर नाना थोड़ा सहम गए। उन्होंने नाना से दोबारा कहा, “ध्यान रखना, किसी को बताना मत।”

लेकिन नाना ने इस चेतावनी को उतनी गंभीरता से नहीं लिया। उन्हें लगा—आख़िर दुआ ही तो है।

जब वे अपने करीबियों के पास पहुँचे, तो पूरी घटना सुनाने लगे। पर जैसे ही दुआ बताने का समय आया, अचानक उनका मुँह बंद हो गया। ज़ुबान ने साथ छोड़ दिया। गले में जैसे काँटे चुभने लगे। दर्द इतना बढ़ गया कि वे खड़े-खड़े ही नहीं, बैठे-बैठे भी संभल नहीं पा रहे थे।

दो दिन तक वे उसी तकलीफ़ में रहे। फिर एक रात वे दोबारा उनके पास आए। उन्होंने उंगली से इशारा करते हुए कहा, “देख… यह सब तेरा था। यह सब तेरा होने वाला था…”

नाना ने देखा कि जहाँ उन्होंने इशारा किया, वहाँ सोने और जवाहरात का ढेर लगा हुआ था। लेकिन पल भर में सब कुछ गायब हो गया।

नाना की वालिदा ही नहीं, बल्कि बाकी करीबी भी इन बातों से अनजान नहीं थे। इसलिए वे सब मिलकर नाना को एक ऐसे बुज़ुर्ग के पास ले गए, जो रूहानी इल्म रखते थे और वही उनकी परेशानी का हल निकाल सकते थे।

नाना के साथ गए लोगों ने पूरी घटना उन बुज़ुर्ग के सामने रखी। इसके बाद उन्होंने अपने तरीके से उनका रूहानी इलाज शुरू किया।

लेकिन वहाँ भी एक ऐसा वाक़या हुआ, जिसने नाना को अंदर तक हिला दिया।

एक समय, जब वह बुज़ुर्ग और नाना सो रहे थे, तभी अचानक नाना की आँख खुल गई। उन्होंने देखा कि उन बुज़ुर्ग का सिर कहीं पड़ा है, हाथ कहीं, पैर कहीं और धड़ भी उनसे अलग पड़ा हुआ है। यह डरावना दृश्य देखकर नाना की जैसे साँस ही थम गई।

हालाँकि बाद में पता चला कि वह बुज़ुर्ग बिल्कुल ठीक थे। दरअसल वे सब दृश्य इस बात का इशारा थे कि वे बुज़ुर्ग किस कदर रूहानी इल्म के मालिक थे।

कुछ ही समय उनके पास रहने के बाद नाना पूरी तरह ठीक हो गए। तब उन बुज़ुर्ग ने कहा, “तुम्हारे वालिद ज़िन्नातों के सरदारों को नमाज़ पढ़ाते थे। जो तुम्हारे पास आया था, वह उन्हीं सरदारों में से एक था। तुमने उसकी बात नहीं मानी, इसलिए तुम पर यह मुसीबत आई।”

इसके बाद समय आगे बढ़ता रहा, लेकिन नाना की ज़िंदगी में एक ऐसा डरावना दौर आया, जिसे याद करते हुए भी उनका चेहरा गंभीर हो जाता था। उन्होंने अपनी आँखों से दंगे देखे, उनसे जुड़ा क़त्लेआम देखा, और मारकाट के कई ऐसे दृश्य देखे जिन्हें शब्दों में बयान करना आसान नहीं। वह समय ऐसा था जब इंसान की जान की कोई कीमत नहीं रह गई थी।

नाना की वालिदा का मन अब उस घर में बिल्कुल नहीं लगता था। उस घर की हर दीवार में नाना के वालिद की यादें बसी थीं, और वही यादें सबको भीतर तक बेचैन कर देती थीं।

और इतना ही नहीं, उस घर में कुछ ऐसी अजीब घटनाएँ भी होने लगी थीं जो दिल में एक अनजाना डर पैदा करती थीं। नाना की वालिदा अक्सर सफेद साड़ी पहना करती थीं। उनकी साड़ी पर बिना किसी कारण अक्सर खून के छींटे दिखाई देने लगे थे। इसी कारण उन्होंने बिजलीघर के पास बने उस घर को छोड़ दिया और रामगढ़ में अपने कुछ करीबियों के पास रहने लगीं।

ग्वालियर में नाना के वालिद के नाम से काफ़ी ज़मीन और कई मकान थे। वे कभी वहीं रहा करते थे। बाद में, रिश्तेदारों के डबरा में बस जाने के कारण पूरा परिवार भी डबरा आकर रहने लगा।

परिवार के सबसे बुज़ुर्ग सदस्य के जाने के बाद सब कुछ बदल गया। वे डबरा से भोपाल आ गए। वजहें कई थीं—रोज़गार की तलाश, बीते दुख से दूर जाना और दंगे-फ़साद के अस्थिर माहौल से खुद को बचाना। नाना के सभी भाई-बहन अपनी वालिदा को साथ लेकर भोपाल में बस गए।

उस दौर की अफरा-तफरी में ग्वालियर की उनकी ज़मीन के कागज़ात उसी ज़मीन पर बने घर में ही रह गए और भोपाल नहीं लाए जा सके। उस समय इस बात को सबने हल्के में लिया, और फिर वे सब वहीं अपनी ज़िंदगी में व्यस्त हो गए।

धीरे-धीरे भोपाल में नाना के भाइयों को लोग जानने-पहचानने लगे। उनका व्यवहार बहुत अच्छा था, इसलिए आस-पास के लोग भी उनसे अपनापन महसूस करने लगे।

उसी दौर में मशहूर गायिका और अभिनेत्री नूरजहां को भोपाल स्थित अपनी हवेली में रहने के लिए एक भरोसेमंद और नेक परिवार की तलाश थी, ताकि जब भी वे वहाँ आएँ तो हवेली में एक अपनापन बना रहे। काफी खोजबीन के बाद आखिरकार उनकी टीम के एक सदस्य ने नाना के परिवार को वहाँ रहने का प्रस्ताव दिया।

इस तरह नाना के सभी भाई-बहन और उनकी वालिदा उस हवेली में रहने लगे। नाना के तीन भाई और दो बहनें थीं, और नाना उन सबमें सबसे छोटे थे। उनके सभी भाई किसी फैक्टरी में काम करने लगे थे, जबकि नाना अपनी वालिदा और बहनों के साथ नूरजहां की हवेली में ही रहा करते थे।

नूरजहां जी ज़्यादातर मुंबई में व्यस्त रहती थीं। कभी-कभी आराम के लिए भोपाल आया करती थीं। नाना बताया करते थे कि वह बेहद नेकदिल थीं—और सच में, नाना सही कहा करते थे। आज जब मैं उनसे जुड़े पुराने इंटरव्यू देखता हूँ, तो कई बड़े कलाकार भी उनके बारे में इसी तरह सम्मान से भरी बातें करते नज़र आते हैं।

एक बार मैंने लता मंगेशकर जी का एक पुराना इंटरव्यू देखा, जिसमें उनसे पूछा गया था, “सब आपके फैन हैं, आप किसकी फैन हैं?” इस पर लता जी ने नूरजहां और मेहदी हसन का नाम लिया था।

लता जी आगे बताती हैं कि जब उनकी पहली मुलाकात नूरजहां से हुई, तब उनकी उम्र करीब 14–15 साल थी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने उनसे सिर्फ गायकी ही नहीं, बल्कि बहुत कुछ सीखा। लता जी के मुताबिक, उर्दू के शब्द किस अंदाज़ में बोले जाएँ, यह बात भी उन्होंने नूरजहां से ही सीखी थी।

एक इंटरव्यू में लता जी ने यह भी बताया कि जब नूरजहां जी नमाज़ के अंत में दुआ के लिए हाथ उठाती थीं, तो अक्सर रो पड़ती थीं।

बचपन में नाना हमें अक्सर बताया करते थे कि जब नूरजहां हवेली में आतीं, तो नाना की वालिदा से तरह-तरह के स्वादिष्ट व्यंजन बनवातीं और हम सबके साथ बैठकर ही खाना खातीं।

एक दिन नाना की वालिदा नूरजहां के लिए पानी लेकर आ रही थीं। तभी रसोई में रखा जग और गिलासों का सेट उनके हाथ से गिरकर टूट गया। वह सेट बहुत खूबसूरत और महँगा मालूम पड़ता था, इसलिए उन्हें इस बात का गहरा अफसोस हुआ।

जब नूरजहां ने देखा कि नाना की वालिदा इस बात से बेहद शर्मिंदा हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “कोई बात नहीं बीबी, काँच का ही तो था… उसे तो एक दिन टूटना ही था।”

नूरजहां का स्वभाव ही ऐसा था कि वे छोटी-छोटी बातों को दिल पर नहीं लेती थीं। अक्सर जब वे नाना को मुस्कुराते देखतीं, तो उनकी वालिदा से हँसते हुए कहतीं, “बीबी, अपना बेटा तू मुझे गोद दे दे… मैं इसे मुंबई ले जाकर हीरो बनाऊँगी।”

लेकिन नाना की वालिदा हर बार मुस्कुराकर उनकी यह बात टाल देती थीं।

आज जब मैंने नूरजहां जी के बारे में पढ़ा, तो पता चला कि 1947 के विभाजन के बाद उन्होंने पाकिस्तान जाने का निर्णय ले लिया था। जब दिलीप कुमार ने उनसे भारत में ही रहने का आग्रह किया, तो उन्होंने कहा था, “मैं जहाँ पैदा हुई हूँ, वहीं जाना चाहती हूँ।”

नाना बताया करते थे कि भारत विभाजन के समय समाज बहुत बड़े बदलावों से गुजर रहा था। उसी दौर में तुम्हारी नानी की बहन भी अपने परिवार के साथ पाकिस्तान चली गई थीं। शुरुआती दिनों में उनका परिवार हमसे मिलने आया करता था और हमारे घर ही ठहरता था। हम लोग उनसे फोन पर बातें भी किया करते थे, लेकिन बाद में दोनों तरफ से संपर्क टूट गया और धीरे-धीरे मिलने-जुलने का सिलसिला भी खत्म होता गया।

1947 में भारत विभाजन के बाद, नूरजहां के पाकिस्तान जाने से पहले ही नाना का परिवार फिर से डबरा लौट आया था। वजह बस इतनी थी कि नाना की वालिदा का मन वहाँ बिल्कुल नहीं लगता था। बड़े शहर की भागदौड़ और नूरजहां की गैरमौजूदगी में उस हवेली का सूनापन उन्हें रास नहीं आता था।

उधर ग्वालियर में नाना के वालिद की जो ज़मीन थी और उस पर बने मकान थे, वे अब उनके हाथ से निकल चुके थे। उस दौर का माहौल भी अशांत था और वहाँ बहुत कुछ बदल चुका था। कागज़ात साथ न होने के कारण वे उन्हें दोबारा हासिल नहीं कर पाए, और आखिरकार उस ज़मीन को वापस पाने का ख्याल भी मन से निकाल दिया। आज वही जगह “ओल्याई डॉक्टर का वाड़ा” के नाम से जानी जाती है।

भोपाल जाने से पहले नाना का परिवार डबरा में ‘बिजलीघर’ के पास रहता था। बाद में वे वहीं से कुछ दूर रामगढ़ में रहे। फिर भोपाल से वापस डबरा आने के बाद नाना उषा कॉलोनी में रहने लगे और जीवन के अंत तक वहीं रहे।

यह सच है कि एक समय ऐसा आया जब नाना के हाथ से उनके वालिद की ज़मीन चली गई। लेकिन बाद में ऐसा भी लगा, जैसे किस्मत हिसाब बराबर करना चाहती हो।

नाना का एक सिख मित्र था, जो उनसे बेहद स्नेह रखता था। आज डबरा में जहाँ बस स्टैंड के पास पक्की दुकानें बनी हुई हैं, वहाँ उस समय नदी बहती थी और अक्सर पानी भरा रहता था। वही ज़मीन वह सिख मित्र नाना को बिना किसी कीमत के देना चाहता था। वह अक्सर नाना से कहा करता था, “भाई, तू मुझे बस एक नारियल और कुछ बताशे दे दे, और यह ज़मीन अपने नाम कर ले।”

लेकिन नाना ने उस ज़मीन को लेने के लिए कभी भी हामी नहीं भरी। वे हमेशा अपनी खुद्दारी में उनसे कहा करते थे, “मैं इस ज़मीन का क्या करूँगा? मेरा एक ही तो बेटा है।”

आज उसी ज़मीन पर पक्की दुकानें बनी हुई हैं, और वह जगह डबरा की बेहद कीमती जगहों में गिनी जाती है।

नाना से काफ़ी लोग स्नेह रखते थे। जीवन के एक दौर में वे दर्जी का काम किया करते थे। आगे चलकर उन्होंने अपने एक दोस्त के साथ आढ़त का व्यवसाय भी शुरू किया। पुराने गाड़ी अड्डा में उनकी फल-सब्ज़ियों से भरी आढ़त की दुकान हुआ करती थी। उन्हें खाने-पीने और दूसरों को खिलाने-पिलाने का बड़ा शौक था, और मीठे के प्रति उनका लगाव तो खास तौर पर देखने लायक था।

उनकी ज़िंदगी में ग़ज़लें थीं, शेरो-शायरी थी, नातें थीं और नज़्में भी थीं। साथ ही उन्हें शौक के तौर पर पहलवानी और कुश्ती का भी बड़ा शौक था—वे खुद भी कुश्ती खेलते थे और दूसरों को सिखाया करते थे।

साथ ही उन्हें अपनों के बीच बैठकर पुरानी फ़िल्मों के कुछ मशहूर कॉमेडियन, जैसे जॉनी वॉकर, की कॉमेडी के किस्से या फ़िल्मों के मज़ेदार सीनों की चर्चा करने का बेहद शौक था। वे हँसते-मुस्कुराते हुए यह सब किस्से सुनाया करते थे। साथ ही उन्हें बच्चों से बातें करने का भी बड़ा शौक था। वे बच्चों से हँसी-मज़ाक किया करते थे—कभी कहते, “ये कपड़े मेरे हैं”, तो कभी ‘चुन-चुन करती आई चिड़ियाँ’ जैसे गीत गाकर उन्हें हँसा देते थे।

आगे चलकर उन्होंने रूहानी और यूनानी दोनों तरह के इल्म हासिल किए। वे अलग-अलग लोगों का इलाज किया करते थे—कुछ का रूहानी तरीक़े से और कुछ का देसी तथा यूनानी दवाओं से।

आज जब मैं नाना की ये बातें याद करता हूँ, तो महसूस होता है कि हर इंसान की ज़िंदगी अपने भीतर इतिहास, अनुभव और अनगिनत कहानियाँ छिपाए रहती है।

याद आता है वह पल, जब एक दिन मैं नुसरत फ़तेह अली ख़ान साहब के गीत सुन रहा था। तभी अचानक नुसरत साहब और नूरजहां का गाया हुआ गीत “तेरे बिना रोगी होए प्यासे नैन” सुनने को मिला। उसी क्षण मुझे एहसास हुआ कि जिन शख्सियतों की दुनिया दीवानी है, वे कभी मेरे नाना के कितने क़रीब रही थीं।

बचपन में जब नाना कहा करते थे, “हम नूरजहां की शूटिंग देखा करते थे… वह मुझसे तरह-तरह की बातें किया करती थीं…”, तो मैं बस यही समझता था कि कोई पुरानी अभिनेत्री होंगी, जिनका ज़िक्र नाना किया करते हैं।

लेकिन आज जब नूरजहां के बारे में पढ़ता हूँ, तो समझ आता है कि उन्हें “मलिका-ए-तरन्नुम” क्यों कहा गया। लगभग चार दशकों तक उन्होंने अपनी आवाज़ और अभिनय से लोगों के दिलों पर राज किया। आज भी उनके बारे में चर्चा न हो, ऐसा होना मुश्किल है।

काफ़ी समय पहले जब मैं उनकी गाई हुई ग़ज़ल “हमारी साँसों में आज तक वो” सुन रहा था, तो दिल से उसे अपनी अब तक की सबसे पसंदीदा ग़ज़ल मान लिया था।

सच है, बुज़ुर्ग जो कहते हैं, उसे हम कभी-कभी हल्के में ले लेते हैं। बचपन में उनकी बातें साधारण लग सकती हैं, लेकिन वे ऐसे दौर को देखकर आए होते हैं, जिसकी सीढ़ियाँ हम अभी चढ़ना शुरू ही करते हैं।

हमें यह एहसास बहुत देर से होता है कि जिन बुज़ुर्गों के साथ हम बड़े हुए, वे अपने भीतर पूरे एक दौर की यादें समेटे हुए थे।

यह सच है कि भले ही आज तकनीक बहुत आगे बढ़ गई हो, लेकिन उस दौर के संगीत की जो मिठास थी, वह अब कम ही महसूस होती है। आज कई बार सब कुछ बनावटी-सा लगता है। शायद यही वजह है कि लोग फिर से पुराने दौर की हर चीज़ को याद करने लगे हैं और उसे फिर से महसूस करना चाहते हैं।

धर्म नहीं, इंसान के कर्म जिम्मेदार हैं — फिर धर्म को क्यों बदनाम किया जाता है?

धर्म नहीं, इंसान के कर्म जिम्मेदार हैं — फिर धर्म को क्यों बदनाम किया जाता है?

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

आज का समय एक अजीब और चिंताजनक दौर से गुजर रहा है। हर धर्म विशेष का व्यक्ति दूसरे धर्म पर लांछन लगाने में लगा हुआ है—और ये लांछन इतने विचित्र होते हैं कि सुनने वाला व्यक्ति स्वयं से यह प्रश्न करने लगता है कि मैंने या मेरे परिवार ने ऐसा कब किया, जिसका आरोप मुझ पर लगाया जा रहा है।

यदि हम ईमानदारी से देखें, तो हर धर्म के प्राचीन शास्त्रों में कुछ ऐसी बातें मिल जाएँगी, जिन्हें आज के समय में न तो हम अपनाना चाहेंगे और न ही उनके बारे में चर्चा करना पसंद करेंगे। यह एक ऐतिहासिक सच्चाई है, क्योंकि हर धर्म एक अलग समय और सामाजिक परिस्थिति में विकसित हुआ। लेकिन जब आज के शिक्षित और जागरूक लोग स्वयं उन बातों का अनुसरण नहीं कर रहे, तो उन्हीं बातों को आधार बनाकर नफरत फैलाने का उद्देश्य क्या है? क्या यह केवल समाज को बाँटने का एक साधन नहीं बन गया है?

यह भी एक सच्चाई है कि हर धर्म के कुछ देहाती या अशिक्षित क्षेत्रों में ऐसे लोग मिल सकते हैं, जो आज भी पुरानी परंपराओं और मान्यताओं का पालन करते हैं।

नफरत फैलाने वाले लोग इसी सच्चाई का फायदा उठाते हैं। वे जानबूझकर ऐसे लोगों को खोजते हैं, उन्हें कैमरे में कैद करते हैं, उनकी राय लेते हैं, और फिर उस सामग्री को भ्रामक और अधूरी जानकारी के साथ मिलाकर सोशल मीडिया पर प्रस्तुत करते हैं। इससे एक ऐसा भ्रम पैदा किया जाता है, मानो वही विचार पूरे धर्म का प्रतिनिधित्व करते हों।

दुखद बात यह है कि अब इस कार्य में बड़े-बड़े फिल्म निर्माता और प्रभावशाली व्यक्ति भी शामिल होते जा रहे हैं, जो अपने राजनीतिक स्वार्थ के कारण निष्पक्ष सत्य दिखाने के बजाय एक विशेष धारणा गढ़ने और उसे स्थापित करने का प्रयास करते हैं।

आज स्थिति यह हो गई है कि जिस धर्म में किसी गलत चीज का स्पष्ट और सख्त विरोध किया गया है, उसी धर्म को उसी चीज का समर्थक दिखाने की कोशिश की जाती है—वह भी आधी-अधूरी या पूरी तरह भ्रामक जानकारी के आधार पर। जबकि वास्तविकता यह होती है कि उस धर्म में उस चीज का कोई समर्थन ही नहीं होता। क्या यह विडंबना नहीं है? क्या यह सचमुच एक अजीब और चिंताजनक स्थिति नहीं है?

लोग शायद यह मूलभूत सत्य भूल गए हैं कि जिनके घर शीशे के बने होते हैं, उन्हें दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए।

और यह भी एक गहरा सत्य है कि जब हम किसी और की ओर एक उंगली उठाते हैं, तो तीन उंगलियाँ हमारी ओर ही होती हैं—जो हमें हमारी अपनी कमियों की याद दिलाती हैं।

समझ से परे है कि यदि किसी व्यक्ति को किसी धर्म को लेकर कोई गलतफहमी है, तो वह स्वयं उसकी सच्चाई जानने का प्रयास क्यों नहीं करता। और यदि वह स्वयं अध्ययन नहीं कर सकता, तो आज के समय में ChatGPT जैसे माध्यम उपलब्ध हैं, जहाँ विभिन्न धार्मिक शास्त्रों के आधार पर संतुलित और तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

पर अफसोस, सत्य की खोज करने के बजाय लोगों को व्हाट्सऐप यूनिवर्सिटी की अधूरी, भ्रामक और सनसनीखेज जानकारी पर विश्वास करना अधिक आसान लगता है।

उदाहरण के लिए, व्हाट्सऐप पर एक पोस्ट में दावा किया गया कि महाराणा प्रताप युद्ध के मैदान में 360 किलो का भार अपने शरीर पर लेकर उतरते थे। सुनने में यह बात भले ही अत्यंत रोमांचक लगे, लेकिन जब कोई व्यक्ति सत्य जानने का प्रयास करता है, तो वास्तविकता बिल्कुल अलग सामने आती है।

उदयपुर के सिटी पैलेस म्यूजियम में आज भी महाराणा प्रताप के कवच और हथियार सुरक्षित रखे हुए हैं, और वहाँ स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि उनका वास्तविक वजन लगभग 35 किलो है।

स्पष्ट है कि तथ्य और कल्पना के बीच गहरा अंतर होता है। लेकिन जो लोग सत्य से अधिक विवाद और उत्तेजना में रुचि रखते हैं, उन्हें व्हाट्सऐप यूनिवर्सिटी का बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया ज्ञान ही अधिक आकर्षक लगता है।

सत्य और असत्य के बीच का अंतर समझना आज पहले से अधिक आवश्यक हो गया है। गलत जानकारी पर आधारित वीडियो और प्रमाणिक स्रोतों पर आधारित जानकारी में जमीन-आसमान का अंतर होता है। यह भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि सोशल मीडिया पर एक विशेष धर्म को बदनाम करने के लिए जानबूझकर वीडियो और रील्स वायरल की जाती हैं।

किसी मानसिक रूप से अस्थिर या गलत व्यवहार करने वाले व्यक्ति की हरकतों को अक्सर उसके पूरे धर्म से जोड़ दिया जाता है, और उसे इस तरह प्रस्तुत किया जाता है मानो वह पूरे धर्म की पहचान हो। जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। सच यह है कि ऐसे लोग हर धर्म में पाए जाते हैं—यह किसी एक धर्म की समस्या नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज की एक सच्चाई है।

लेकिन यहाँ एक पैटर्न साफ दिखाई देता है। कुछ मामलों में ऐसी घटनाओं को पूरी प्रमुखता के साथ दिखाया जाता है—व्यक्ति का नाम, उसकी पहचान, उसका धर्म—सब कुछ बार-बार दोहराया जाता है, जिससे धीरे-धीरे वह घटना एक व्यक्ति की न रहकर एक पूरे धर्म की पहचान बना दी जाती है। वहीं दूसरी ओर, जब किसी दूसरे धर्म का व्यक्ति वैसी ही हरकत करता है, तो मीडिया कई बार उसका नाम और धार्मिक पहचान बताने से बचता है। वह खबर तो दिखाता है, क्योंकि यह उसका कर्तव्य है और वह उसे पूरी तरह छुपा नहीं सकता, लेकिन व्यक्ति की पहचान को सीमित रखता है।

यही वह अंतर है, जिसे एक जागरूक व्यक्ति आसानी से समझ सकता है—कि सूचना केवल निष्पक्ष रूप से नहीं दी जाती, बल्कि उसे धर्म के आधार पर दो अलग-अलग तरीकों से परोसा जाता है।

परंतु वास्तविकता इससे अलग और अधिक व्यापक है। सच यह है कि गलत व्यक्ति का कोई धर्म नहीं होता—गलत केवल उसका कर्म होता है। लेकिन जब कर्म की जगह धर्म को केंद्र बना दिया जाता है, तो इससे सत्य कमजोर और भ्रम मजबूत हो जाता है।

इसी कारण आज यह पहले से अधिक आवश्यक हो गया है कि हम हर जानकारी को बिना सोचे-समझे स्वीकार न करें, बल्कि उसके स्रोत, संदर्भ और उद्देश्य को भी समझें।

नफरत फैलाने वालों से एक प्रश्न अवश्य पूछा जाना चाहिए—यदि आपका जन्म उसी धर्म में हुआ होता, जिसका आज आप अपमान कर रहे हैं, तो क्या आप तब भी उसे तुच्छ समझते, या उसे छोड़कर किसी दूसरे धर्म को अपनाने का साहस दिखाते?

केवल दो परिवारों का ही उदाहरण ले लीजिए, जिनके घर एक-दूसरे के बिल्कुल पास-पास हैं। दोनों एक ही धर्म से जुड़े हुए हैं, लेकिन एक परिवार ऐसा है जहाँ शराब, जुआ और बुरी आदतों ने घर का माहौल बिगाड़ दिया है, और उनके बच्चे भी उन्हीं गलत रास्तों पर आगे बढ़ रहे हैं। वहीं, उसी धर्म का दूसरा परिवार ऐसा है, जो इन सभी बुराइयों से दूर रहकर आध्यात्मिक विचारों और अच्छे संस्कारों के साथ एक संतुलित और सम्मानजनक जीवन जी रहा है।

अब प्रश्न यह उठता है कि इन दोनों परिवारों में अंतर किसने पैदा किया? क्या उनका धर्म अलग था? नहीं—धर्म तो दोनों का एक ही था।

इससे स्पष्ट होता है कि केवल किसी धर्म विशेष से जुड़ा होना ही पर्याप्त नहीं है। धर्म का वास्तविक अर्थ उसे अपने आचरण और जीवन में अपनाना है, न कि केवल उसके नाम पर इतराना। क्योंकि धर्म की पहचान व्यक्ति के नाम से नहीं, बल्कि उसके कर्म, उसके संस्कार और उसके चरित्र से होती है।

यह समझना अत्यंत आवश्यक है कि इंसान अपने धर्म से नहीं, बल्कि अपने कर्म और संस्कारों से महान बनता है। धर्म चाहे कितना ही महान क्यों न हो, यदि व्यक्ति के अंदर अच्छे संस्कार नहीं हैं, तो समाज उसे सम्मान नहीं देगा। और इसके विपरीत, यदि व्यक्ति के कर्म श्रेष्ठ हैं, तो उसका सम्मान उसके धर्म से परे जाकर भी किया जाएगा।

इससे यह स्पष्ट होता है कि महानता जन्म से नहीं, बल्कि कर्म और संस्कारों से प्राप्त होती है।

यदि किसी व्यक्ति को सच में धर्म को समझने की इच्छा है, तो उसे व्हाट्सऐप यूनिवर्सिटी की भ्रामक और अधूरी जानकारी से ऊपर उठना होगा और विभिन्न धर्मों के मूल शास्त्रों का अध्ययन करना होगा—वह भी खुले मन और विनम्र दृष्टिकोण के साथ। क्योंकि जब तक मन में अपने धर्म को लेकर अहंकार बना रहेगा, तब तक सच्चे ज्ञान का द्वार कभी नहीं खुल सकता।