यूट्यूब का वो सच—जो हर यूज़र झेलता है, पर कोई बोलता नहीं!
Satireआजकल यूट्यूब वाले तो मानो विज्ञापन उद्योग के ब्रांड एम्बेसडर बन चुके हैं। यूट्यूब अब वीडियो प्लेटफ़ॉर्म कम, और “विज्ञापन प्रसारण सेवा” ज़्यादा लगने लगा है।
अब देखो, यह भी सच है कि यूट्यूब इतना सारा कंटेंट अपने सिर पर ढो रहा है, तो कमाई भी ज़रूरी है—वरना इतनी भारी ज़िम्मेदारी कैसे उठाएगा?
लेकिन जनाब, कमाई और “अति-लालच” में भी थोड़ा फर्क होता है।
म्यूज़िक सुनने के लिए यूट्यूब पर ही निर्भर रहने वाले एक आम इंसान की ट्रैजेडी देखिए—
जनाब अच्छे मूड में हैं। दिल चाहता है कि कोई पसंदीदा गाना सुना जाए।
जैसे ही उँगली वीडियो पर जाती है, और दिमाग में गाने की शुरुआती धुन की आस जगती है—कि अब ये बस बजने ही वाली है…
तभी अचानक कानों पर एक तेज़ हमला होता है—
‘मैं आपसे सिर्फ़ एक घंटा माँगता हूँ…’
बस… यहीं सब कुछ खत्म हो जाता है!
मूड ऐसा टूटता है जैसे किसी ने चाय में अमचूर डाल दिया हो।
आप जिस एहसास में जाने वाले थे, वहाँ जाने से पहले ही आपको ज़मीन पर पटक दिया जाता है—एक तेज़, चिल्लाता हुआ, जबरन घुसाया गया विज्ञापन सुनाकर।
यूट्यूब महाराज को यह बात अच्छी तरह पता है कि इंसान जब गाना सुनना चाहता है, तो वह इस दुनिया से, इस शोर से, इस तनाव से दूर भागना चाहता है।
लेकिन जनाब, आपने तो उसी “शोर” को गाने के दरवाज़े पर खड़ा कर दिया!
चार मिनट के गाने के पहले दो-दो विज्ञापन ठूँस देना—यह कौन-सा न्यायशास्त्र है? और आवाज़ इतनी तेज़—क्या पड़ोसी के घर टीवी खराब है, इसलिए हमारी तरफ़ से सेवा दे रहे हो?
यह तो वैसा ही है—जैसे हम डांडिया महोत्सव में पूरे जोश के साथ पहुँचे हों, इस उम्मीद में कि फाल्गुनी पाठक बस अब स्टेज पर आने ही वाली हैं…
और जैसे ही पर्दा खुले—कोई ‘पाठक साहब’ माइक लेकर खड़े मिलें और फरमाएँ—
‘पहले मेरी दो बातें सुन लीजिए।’
सच में, तीन-चार मिनट के गाने के पहले विज्ञापन ठूँसने का आइडिया किस महान आत्मा को आया होगा?
भाई, अगर लगाना ही है तो बीच में लगा लो—कम से कम शुरुआत तो सुकून से होने दो! बाद में तुम्हारा विज्ञापन भी झेल लेंगे।
और सोचने वाली बात यह है कि ये विज्ञापन भी ऐसे-ऐसे होते हैं, जिनका आपके मूड से कोई लेना-देना नहीं।
आप रोमांटिक गाना सुनने आए हैं, और सामने इंश्योरेंस, टूथपेस्ट या मोटिवेशनल गुरु जी खड़े मिलते हैं।
और असली अत्याचार तो तब होता है जब आप ईयरफ़ोन का वॉल्यूम फुल करके आराम से लेटे होते हैं—पूरी तैयारी के साथ कि आज तो गाने में डूब ही जाएँगे…
और तभी—धड़ाम!
एक ऐसा विज्ञापन कानों में घुसता है जैसे किसी ने लाउडस्पीकर सीधे दिमाग में फिट कर दिया हो।
वो दो-तीन सेकंड भी ऐसा एहसास देते हैं जैसे सिर के अंदर पटाखा फूट गया हो।
आप तुरंत वॉल्यूम कम करते हैं, लेकिन तब तक जो नुकसान होना था, वो हो चुका होता है—मूड का पोस्टमॉर्टम।
और फिर शुरू होता है सबसे बड़ा इम्तिहान—
उस “स्किप ऐड” बटन का इंतज़ार…
जो कभी-कभी ऐसे देर से आता है, जैसे आपसे बदला ले रहा हो।
और मानो कह रहा हो—
“गाना सुनने आए हो, तो उसका कर्ज भी अदा करो… इतने आसानी से स्किप नहीं होने दूँगा!”
पहले के दिन भी क्या दिन थे—
आप कोई भी वीडियो चलाते थे, और साइड में उसी माहौल वाले वीडियो अपने-आप दिखने लगते थे।
अब हालत ये है कि आप कोई पॉडकास्ट देख रहे होते हैं, और बगल में ध्रुव राठी की वीडियो, कोई डॉक्यूमेंट्री, या कुछ और ही ‘ज्ञान का बम’ फूट रहा होता है।
कोई गारंटी नहीं कि उसी कैटेगरी की वीडियो दिखेगी।
मतलब एल्गोरिदम भी अब ‘मनमर्जी विभाग’ में ट्रांसफर हो चुका है।
कभी-कभी तो लगता है कि यूट्यूब ने यह तय कर लिया है—
“अगर इंसान खुश है, तो उसे ज़्यादा देर खुश नहीं रहने देना।”
सच कहें तो, यूट्यूब ने सिर्फ़ विज्ञापन नहीं बढ़ाए…
उसने संगीत और इंसान के बीच जो सीधा रिश्ता था, उसके बीच एक दीवार खड़ी कर दी है—
जिसका नाम है “ऐड ब्रेक।”
और दीवार भी ऐसी, जो हर बार वहीं आकर खड़ी हो जाती है—
जहाँ दिल को सबसे ज़्यादा सुकून मिलने वाला होता है।
लेख को अंत तक पढ़ने के लिए आपका शुक्रिया।
शेयर करें और अपना सपोर्ट ज़रूर दें ❤️
