जो नाना ने देखा, हमने बाद में समझा

जो नाना ने देखा, हमने बाद में समझा

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

आज मैं अपने नाना की ज़िंदगी की कुछ झलकियाँ लिख रहा हूँ। इनमें डर भी है, खोने का दर्द भी, पाने की उम्मीद भी, और कुछ ऐसी घटनाएँ भी हैं जिन पर आज बहुत से लोग शायद यक़ीन न करें। यहाँ मैं वही लिख रहा हूँ, जो नाना की ज़ुबानी मैंने कई बार सुना।

यह वाक़या करीब 1947 के आसपास का है, लेकिन इसकी शुरुआत उससे भी पहले की घटनाओं से होती है। नाना के पिता एक भारतीय सैनिक थे। सेना में अपना कर्तव्य निभाने के बाद उनका मन पूरी तरह इबादत की ओर लग गया था। वे बेहद समझदार और पढ़े-लिखे बुज़ुर्ग इंसान थे, और अपना ज़्यादातर समय इबादत में ही बिताया करते थे।

उनका इंतकाल रहस्यमय परिस्थितियों में हुआ। एक दिन वे घर की छत पर इबादत कर रहे थे। तभी अचानक घरवालों ने देखा कि वे सीढ़ियों से नीचे गिर पड़े। उसी हादसे में उनकी रूह परवाज़ कर गई। हैरानी की बात यह थी कि उनके शरीर पर कोई गंभीर चोट दिखाई नहीं दे रही थी, जबकि पूरी सीढ़ियाँ खून से लथपथ थीं।

उन्होंने यह बात बहुत पहले ही कह दी थी कि उन्हें ग्वालियर में ज़िन्नातों की मस्जिद के पास स्थित कब्रिस्तान में ही दफ़न किया जाए। उनके इंतकाल के बाद उनकी यही इच्छा पूरी की गई।

जब नाना के वालिद का साया उनके सिर से उठा, तब नाना की उम्र मुश्किल से 14–15 साल रही होगी। कुछ दिनों बाद, जब नाना अपने वालिद की कब्र पर ग़मगीन होकर फ़ातिहा पढ़ रहे थे, तभी अचानक कई बकरियाँ आकर उनके आसपास खड़ी हो गईं। उसी समय एक चरवाहे के भेष में कोई उनके पास आया और बोला, “इस ख़ाक में क्या रखा है?”

नाना ने शांत, मगर शायराना अंदाज़ में जवाब दिया, “यह ख़ाक मेरे लिए बहुत क़ीमती है।”

वह कुछ क्षण उन्हें देखते रहे, फिर बोले, “तू अपने बाप का बहुत अच्छा बेटा है। यह दुआ पढ़।”

फिर उन्होंने वह दुआ पढ़कर सुनाई और कहा, “इसे पढ़ने से तू मालामाल हो जाएगा। लेकिन एक शर्त है—किसी से नहीं कहना कि तेरी मुलाकात मुझसे हुई, और यह दुआ भी किसी को मत बताना।”

नाना ने हँसकर कहा, “तुम खुद इसे पढ़कर अमीर क्यों नहीं बन जाते?”

इस पर उन्होंने नाना से बस इतना ही कहा, “तू अभी बहुत छोटा है…”

इस बातचीत के बाद नाना एक किनारे जाकर नमाज़ पढ़ने लगे। जैसे ही उन्होंने सलाम फेरा, वह जो चरवाहे के भेष में थे, वहाँ से गायब थे। यहाँ तक कि दूर-दूर तक कोई बकरी भी दिखाई नहीं दी।

नाना का स्वभाव ऐसा था कि वे केवल अपने बारे में नहीं सोचते थे। उनके मन में आया—जब मेरे अपने लोगों को भी पैसों की ज़रूरत है, तो यह दुआ उनसे क्यों छिपाऊँ?

जब वे दाल बाज़ार पहुँचे, तो वही चरवाहे के भेष वाला उन्हें फिर दिखाई दिया। उसे देखकर नाना थोड़ा सहम गए। उन्होंने नाना से दोबारा कहा, “ध्यान रखना, किसी को बताना मत।”

लेकिन नाना ने इस चेतावनी को उतनी गंभीरता से नहीं लिया। उन्हें लगा—आख़िर दुआ ही तो है।

जब वे अपने करीबियों के पास पहुँचे, तो पूरी घटना सुनाने लगे। पर जैसे ही दुआ बताने का समय आया, अचानक उनका मुँह बंद हो गया। ज़ुबान ने साथ छोड़ दिया। गले में जैसे काँटे चुभने लगे। दर्द इतना बढ़ गया कि वे खड़े-खड़े ही नहीं, बैठे-बैठे भी संभल नहीं पा रहे थे।

दो दिन तक वे उसी तकलीफ़ में रहे। फिर एक रात वे दोबारा उनके पास आए। उन्होंने उंगली से इशारा करते हुए कहा, “देख… यह सब तेरा था। यह सब तेरा होने वाला था…”

नाना ने देखा कि जहाँ उन्होंने इशारा किया, वहाँ सोने और जवाहरात का ढेर लगा हुआ था। लेकिन पल भर में सब कुछ गायब हो गया।

नाना की वालिदा ही नहीं, बल्कि बाकी करीबी भी इन बातों से अनजान नहीं थे। इसलिए वे सब मिलकर नाना को एक ऐसे बुज़ुर्ग के पास ले गए, जो रूहानी इल्म रखते थे और वही उनकी परेशानी का हल निकाल सकते थे।

नाना के साथ गए लोगों ने पूरी घटना उन बुज़ुर्ग के सामने रखी। इसके बाद उन्होंने अपने तरीके से उनका रूहानी इलाज शुरू किया।

लेकिन वहाँ भी एक ऐसा वाक़या हुआ, जिसने नाना को अंदर तक हिला दिया।

एक समय, जब वह बुज़ुर्ग और नाना सो रहे थे, तभी अचानक नाना की आँख खुल गई। उन्होंने देखा कि उन बुज़ुर्ग का सिर कहीं पड़ा है, हाथ कहीं, पैर कहीं और धड़ भी उनसे अलग पड़ा हुआ है। यह डरावना दृश्य देखकर नाना की जैसे साँस ही थम गई।

हालाँकि बाद में पता चला कि वह बुज़ुर्ग बिल्कुल ठीक थे। दरअसल वे सब दृश्य इस बात का इशारा थे कि वे बुज़ुर्ग किस कदर रूहानी इल्म के मालिक थे।

कुछ ही समय उनके पास रहने के बाद नाना पूरी तरह ठीक हो गए। तब उन बुज़ुर्ग ने कहा, “तुम्हारे वालिद ज़िन्नातों के सरदारों को नमाज़ पढ़ाते थे। जो तुम्हारे पास आया था, वह उन्हीं सरदारों में से एक था। तुमने उसकी बात नहीं मानी, इसलिए तुम पर यह मुसीबत आई।”

इसके बाद समय आगे बढ़ता रहा, लेकिन नाना की ज़िंदगी में एक ऐसा डरावना दौर आया, जिसे याद करते हुए भी उनका चेहरा गंभीर हो जाता था। उन्होंने अपनी आँखों से दंगे देखे, उनसे जुड़ा क़त्लेआम देखा, और मारकाट के कई ऐसे दृश्य देखे जिन्हें शब्दों में बयान करना आसान नहीं। वह समय ऐसा था जब इंसान की जान की कोई कीमत नहीं रह गई थी।

नाना की वालिदा का मन अब उस घर में बिल्कुल नहीं लगता था। उस घर की हर दीवार में नाना के वालिद की यादें बसी थीं, और वही यादें सबको भीतर तक बेचैन कर देती थीं।

और इतना ही नहीं, उस घर में कुछ ऐसी अजीब घटनाएँ भी होने लगी थीं जो दिल में एक अनजाना डर पैदा करती थीं। नाना की वालिदा अक्सर सफेद साड़ी पहना करती थीं। उनकी साड़ी पर बिना किसी कारण अक्सर खून के छींटे दिखाई देने लगे थे। इसी कारण उन्होंने बिजलीघर के पास बने उस घर को छोड़ दिया और रामगढ़ में अपने कुछ करीबियों के पास रहने लगीं।

ग्वालियर में नाना के वालिद के नाम से काफ़ी ज़मीन और कई मकान थे। वे कभी वहीं रहा करते थे। बाद में, रिश्तेदारों के डबरा में बस जाने के कारण पूरा परिवार भी डबरा आकर रहने लगा।

परिवार के सबसे बुज़ुर्ग सदस्य के जाने के बाद सब कुछ बदल गया। वे डबरा से भोपाल आ गए। वजहें कई थीं—रोज़गार की तलाश, बीते दुख से दूर जाना और दंगे-फ़साद के अस्थिर माहौल से खुद को बचाना। नाना के सभी भाई-बहन अपनी वालिदा को साथ लेकर भोपाल में बस गए।

उस दौर की अफरा-तफरी में ग्वालियर की उनकी ज़मीन के कागज़ात उसी ज़मीन पर बने घर में ही रह गए और भोपाल नहीं लाए जा सके। उस समय इस बात को सबने हल्के में लिया, और फिर वे सब वहीं अपनी ज़िंदगी में व्यस्त हो गए।

धीरे-धीरे भोपाल में नाना के भाइयों को लोग जानने-पहचानने लगे। उनका व्यवहार बहुत अच्छा था, इसलिए आस-पास के लोग भी उनसे अपनापन महसूस करने लगे।

उसी दौर में मशहूर गायिका और अभिनेत्री नूरजहां को भोपाल स्थित अपनी हवेली में रहने के लिए एक भरोसेमंद और नेक परिवार की तलाश थी, ताकि जब भी वे वहाँ आएँ तो हवेली में एक अपनापन बना रहे। काफी खोजबीन के बाद आखिरकार उनकी टीम के एक सदस्य ने नाना के परिवार को वहाँ रहने का प्रस्ताव दिया।

इस तरह नाना के सभी भाई-बहन और उनकी वालिदा उस हवेली में रहने लगे। नाना के तीन भाई और दो बहनें थीं, और नाना उन सबमें सबसे छोटे थे। उनके सभी भाई किसी फैक्टरी में काम करने लगे थे, जबकि नाना अपनी वालिदा और बहनों के साथ नूरजहां की हवेली में ही रहा करते थे।

नूरजहां जी ज़्यादातर मुंबई में व्यस्त रहती थीं। कभी-कभी आराम के लिए भोपाल आया करती थीं। नाना बताया करते थे कि वह बेहद नेकदिल थीं—और सच में, नाना सही कहा करते थे। आज जब मैं उनसे जुड़े पुराने इंटरव्यू देखता हूँ, तो कई बड़े कलाकार भी उनके बारे में इसी तरह सम्मान से भरी बातें करते नज़र आते हैं।

एक बार मैंने लता मंगेशकर जी का एक पुराना इंटरव्यू देखा, जिसमें उनसे पूछा गया था, “सब आपके फैन हैं, आप किसकी फैन हैं?” इस पर लता जी ने नूरजहां और मेहदी हसन का नाम लिया था।

लता जी आगे बताती हैं कि जब उनकी पहली मुलाकात नूरजहां से हुई, तब उनकी उम्र करीब 14–15 साल थी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने उनसे सिर्फ गायकी ही नहीं, बल्कि बहुत कुछ सीखा। लता जी के मुताबिक, उर्दू के शब्द किस अंदाज़ में बोले जाएँ, यह बात भी उन्होंने नूरजहां से ही सीखी थी।

एक इंटरव्यू में लता जी ने यह भी बताया कि जब नूरजहां जी नमाज़ के अंत में दुआ के लिए हाथ उठाती थीं, तो अक्सर रो पड़ती थीं।

बचपन में नाना हमें अक्सर बताया करते थे कि जब नूरजहां हवेली में आतीं, तो नाना की वालिदा से तरह-तरह के स्वादिष्ट व्यंजन बनवातीं और हम सबके साथ बैठकर ही खाना खातीं।

एक दिन नाना की वालिदा नूरजहां के लिए पानी लेकर आ रही थीं। तभी रसोई में रखा जग और गिलासों का सेट उनके हाथ से गिरकर टूट गया। वह सेट बहुत खूबसूरत और महँगा मालूम पड़ता था, इसलिए उन्हें इस बात का गहरा अफसोस हुआ।

जब नूरजहां ने देखा कि नाना की वालिदा इस बात से बेहद शर्मिंदा हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “कोई बात नहीं बीबी, काँच का ही तो था… उसे तो एक दिन टूटना ही था।”

नूरजहां का स्वभाव ही ऐसा था कि वे छोटी-छोटी बातों को दिल पर नहीं लेती थीं। अक्सर जब वे नाना को मुस्कुराते देखतीं, तो उनकी वालिदा से हँसते हुए कहतीं, “बीबी, अपना बेटा तू मुझे गोद दे दे… मैं इसे मुंबई ले जाकर हीरो बनाऊँगी।”

लेकिन नाना की वालिदा हर बार मुस्कुराकर उनकी यह बात टाल देती थीं।

आज जब मैंने नूरजहां जी के बारे में पढ़ा, तो पता चला कि 1947 के विभाजन के बाद उन्होंने पाकिस्तान जाने का निर्णय ले लिया था। जब दिलीप कुमार ने उनसे भारत में ही रहने का आग्रह किया, तो उन्होंने कहा था, “मैं जहाँ पैदा हुई हूँ, वहीं जाना चाहती हूँ।”

नाना बताया करते थे कि भारत विभाजन के समय समाज बहुत बड़े बदलावों से गुजर रहा था। उसी दौर में तुम्हारी नानी की बहन भी अपने परिवार के साथ पाकिस्तान चली गई थीं। शुरुआती दिनों में उनका परिवार हमसे मिलने आया करता था और हमारे घर ही ठहरता था। हम लोग उनसे फोन पर बातें भी किया करते थे, लेकिन बाद में दोनों तरफ से संपर्क टूट गया और धीरे-धीरे मिलने-जुलने का सिलसिला भी खत्म होता गया।

1947 में भारत विभाजन के बाद, नूरजहां के पाकिस्तान जाने से पहले ही नाना का परिवार फिर से डबरा लौट आया था। वजह बस इतनी थी कि नाना की वालिदा का मन वहाँ बिल्कुल नहीं लगता था। बड़े शहर की भागदौड़ और नूरजहां की गैरमौजूदगी में उस हवेली का सूनापन उन्हें रास नहीं आता था।

उधर ग्वालियर में नाना के वालिद की जो ज़मीन थी और उस पर बने मकान थे, वे अब उनके हाथ से निकल चुके थे। उस दौर का माहौल भी अशांत था और वहाँ बहुत कुछ बदल चुका था। कागज़ात साथ न होने के कारण वे उन्हें दोबारा हासिल नहीं कर पाए, और आखिरकार उस ज़मीन को वापस पाने का ख्याल भी मन से निकाल दिया। आज वही जगह “ओल्याई डॉक्टर का वाड़ा” के नाम से जानी जाती है।

भोपाल जाने से पहले नाना का परिवार डबरा में ‘बिजलीघर’ के पास रहता था। बाद में वे वहीं से कुछ दूर रामगढ़ में रहे। फिर भोपाल से वापस डबरा आने के बाद नाना उषा कॉलोनी में रहने लगे और जीवन के अंत तक वहीं रहे।

यह सच है कि एक समय ऐसा आया जब नाना के हाथ से उनके वालिद की ज़मीन चली गई। लेकिन बाद में ऐसा भी लगा, जैसे किस्मत हिसाब बराबर करना चाहती हो।

नाना का एक सिख मित्र था, जो उनसे बेहद स्नेह रखता था। आज डबरा में जहाँ बस स्टैंड के पास पक्की दुकानें बनी हुई हैं, वहाँ उस समय नदी बहती थी और अक्सर पानी भरा रहता था। वही ज़मीन वह सिख मित्र नाना को बिना किसी कीमत के देना चाहता था। वह अक्सर नाना से कहा करता था, “भाई, तू मुझे बस एक नारियल और कुछ बताशे दे दे, और यह ज़मीन अपने नाम कर ले।”

लेकिन नाना ने उस ज़मीन को लेने के लिए कभी भी हामी नहीं भरी। वे हमेशा अपनी खुद्दारी में उनसे कहा करते थे, “मैं इस ज़मीन का क्या करूँगा? मेरा एक ही तो बेटा है।”

आज उसी ज़मीन पर पक्की दुकानें बनी हुई हैं, और वह जगह डबरा की बेहद कीमती जगहों में गिनी जाती है।

नाना से काफ़ी लोग स्नेह रखते थे। जीवन के एक दौर में वे दर्जी का काम किया करते थे। आगे चलकर उन्होंने अपने एक दोस्त के साथ आढ़त का व्यवसाय भी शुरू किया। पुराने गाड़ी अड्डा में उनकी फल-सब्ज़ियों से भरी आढ़त की दुकान हुआ करती थी। उन्हें खाने-पीने और दूसरों को खिलाने-पिलाने का बड़ा शौक था, और मीठे के प्रति उनका लगाव तो खास तौर पर देखने लायक था।

उनकी ज़िंदगी में ग़ज़लें थीं, शेरो-शायरी थी, नातें थीं और नज़्में भी थीं। साथ ही उन्हें शौक के तौर पर पहलवानी और कुश्ती का भी बड़ा शौक था—वे खुद भी कुश्ती खेलते थे और दूसरों को सिखाया करते थे।

साथ ही उन्हें अपनों के बीच बैठकर पुरानी फ़िल्मों के कुछ मशहूर कॉमेडियन, जैसे जॉनी वॉकर, की कॉमेडी के किस्से या फ़िल्मों के मज़ेदार सीनों की चर्चा करने का बेहद शौक था। वे हँसते-मुस्कुराते हुए यह सब किस्से सुनाया करते थे। साथ ही उन्हें बच्चों से बातें करने का भी बड़ा शौक था। वे बच्चों से हँसी-मज़ाक किया करते थे—कभी कहते, “ये कपड़े मेरे हैं”, तो कभी ‘चुन-चुन करती आई चिड़ियाँ’ जैसे गीत गाकर उन्हें हँसा देते थे।

आगे चलकर उन्होंने रूहानी और यूनानी दोनों तरह के इल्म हासिल किए। वे अलग-अलग लोगों का इलाज किया करते थे—कुछ का रूहानी तरीक़े से और कुछ का देसी तथा यूनानी दवाओं से।

आज जब मैं नाना की ये बातें याद करता हूँ, तो महसूस होता है कि हर इंसान की ज़िंदगी अपने भीतर इतिहास, अनुभव और अनगिनत कहानियाँ छिपाए रहती है।

याद आता है वह पल, जब एक दिन मैं नुसरत फ़तेह अली ख़ान साहब के गीत सुन रहा था। तभी अचानक नुसरत साहब और नूरजहां का गाया हुआ गीत “तेरे बिना रोगी होए प्यासे नैन” सुनने को मिला। उसी क्षण मुझे एहसास हुआ कि जिन शख्सियतों की दुनिया दीवानी है, वे कभी मेरे नाना के कितने क़रीब रही थीं।

बचपन में जब नाना कहा करते थे, “हम नूरजहां की शूटिंग देखा करते थे… वह मुझसे तरह-तरह की बातें किया करती थीं…”, तो मैं बस यही समझता था कि कोई पुरानी अभिनेत्री होंगी, जिनका ज़िक्र नाना किया करते हैं।

लेकिन आज जब नूरजहां के बारे में पढ़ता हूँ, तो समझ आता है कि उन्हें “मलिका-ए-तरन्नुम” क्यों कहा गया। लगभग चार दशकों तक उन्होंने अपनी आवाज़ और अभिनय से लोगों के दिलों पर राज किया। आज भी उनके बारे में चर्चा न हो, ऐसा होना मुश्किल है।

काफ़ी समय पहले जब मैं उनकी गाई हुई ग़ज़ल “हमारी साँसों में आज तक वो” सुन रहा था, तो दिल से उसे अपनी अब तक की सबसे पसंदीदा ग़ज़ल मान लिया था।

सच है, बुज़ुर्ग जो कहते हैं, उसे हम कभी-कभी हल्के में ले लेते हैं। बचपन में उनकी बातें साधारण लग सकती हैं, लेकिन वे ऐसे दौर को देखकर आए होते हैं, जिसकी सीढ़ियाँ हम अभी चढ़ना शुरू ही करते हैं।

हमें यह एहसास बहुत देर से होता है कि जिन बुज़ुर्गों के साथ हम बड़े हुए, वे अपने भीतर पूरे एक दौर की यादें समेटे हुए थे।

यह सच है कि भले ही आज तकनीक बहुत आगे बढ़ गई हो, लेकिन उस दौर के संगीत की जो मिठास थी, वह अब कम ही महसूस होती है। आज कई बार सब कुछ बनावटी-सा लगता है। शायद यही वजह है कि लोग फिर से पुराने दौर की हर चीज़ को याद करने लगे हैं और उसे फिर से महसूस करना चाहते हैं।

कुदरत की सबसे दिलचस्‍प राजनीति: रानी चींटी और उसका साम्राज्य

कुदरत की सबसे दिलचस्‍प राजनीति: रानी चींटी और उसका साम्राज्य

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

आज सुनाते हैं तुम्हें
चींटियों की वो अनसुनी दास्तान—
जो कुदरत के सबसे हैरतअंगेज़ कारनामों में से एक है।

दुनिया में दो तरह के समाज हैं:
एक हम इंसानों का—किताबें, कानून, पुलिस, अदालतें;
और दूसरा चींटियों का—
जहाँ एक ग्राम भी फालतू कागज़ नहीं,
फिर भी व्यवस्था इतनी कसी हुई
कि हार्वर्ड के प्रोफ़ेसर भी नोट्स बनाने लगें।

चींटियों की दुनिया छोटी दिखती है,
लेकिन इंसान के बड़े-बड़े सिस्टम यहाँ पानी माँगते नज़र आते हैं।

एक छोटी-सी चींटी,
पर उसकी कॉलोनी में लाखों-करोड़ों की आबादी,
एक शहर-जैसा क्षेत्रफल,
और दूर तक फैले हाईवे—
जो वो खुद बनाती हैं, बिना किसी इंजीनियर के।

तीन किरदार, तीन ही जातियाँ:

1. नर (ड्रोन)
मौसम में केवल एक बार पंख खोलकर उड़ान भरते हैं, रानी से मिलते हैं और तुरंत मर जाते हैं। ये केवल विशेष मौसम में थोड़े समय के लिए पैदा होते हैं। साल के 90–95% समय कॉलोनी में या तो 0 नर होते हैं या बहुत ही कम।

2. रानी
आमतौर पर केवल एक या कुछ ही होती हैं। ये पंखों के साथ पैदा होती हैं, और मिलन-उड़ान के बाद अपने पंख स्वयं तोड़कर गिरा देती हैं। इसके बाद जीवनभर घोंसले में रहकर अंडे देती रहती हैं।

3. बाँझ मज़दूर मादाएँ
ये पूरी कॉलोनी का लगभग 99.9% होती हैं। इनके पंख कभी विकसित नहीं होते, ये उड़ान नहीं भरतीं और जीवनभर सिर्फ़ काम और सेवा करती रहती हैं।

अब आते हैं सबसे अद्भुत तथ्य पर—

जन्म नहीं, बल्कि खाना तय करता है भाग्य।

जैसे इंसान का बच्चा हाई-प्रोटीन डाइट खाए तो भारी-भरकम हो जाता है,
वैसे ही चींटी के लार्वा में यह खेल और भी ज़बरदस्त है।
अंडे से निकले लार्वा को अगर 10–15 दिन तक “शाही पोषण” मिले,
तो वही रानी बन जाती है—शरीर 5–10 गुना बड़ा, उम्र 20 साल तक।
साधारण भोजन मिला?
वही लार्वा मज़दूर बन जाती है—उम्र 6 महीने से 3 साल।

यानी एक ही माँ के बच्चे, एक ही अंडे से निकले भाई-बहन,
बस खाने की वजह से—
एक रानी, दूसरी मज़दूर।

रानी बनने वाली मादाओं की संख्या कॉलोनी की ज़रूरत पर निर्भर करती है।
जब कॉलोनी बहुत स्वस्थ, बहुत बड़ी और मौसम अनुकूल होता है,
तभी मज़दूर चींटियाँ कुछ गिने-चुने लार्वा को यह “शाही पोषण” देती हैं।
बाकी सबको साधारण भोजन—और बस, किस्मत तय।

रानी की पहचान कैसे होती है?

✦ आकार बहुत बड़ा
✦ पेट मोटा-तगड़ा
✦ छाती मज़बूत, क्योंकि कभी पंख थे
✦ कई बार पंखों के निशान साफ़ दिखते हैं
✦ और चारों तरफ़ निजी सुरक्षा गार्ड — मज़दूर चींटियाँ

अगर कभी कोई चींटी VIP ट्रीटमेंट लेती दिखे,
तो समझ लो—वही रानी साहिबा हैं।

रानी एक दिन में 2000–3000 अंडे देती है,
यानी जीवनभर करोड़ों अंडे!
और वो भी बिना दोबारा किसी नर से मिले—
पहली और आखिरी उड़ान में
वह जीवनभर का स्पर्म अपने स्पर्माथीका में स्टोर कर लेती है।

नर चींटियों का जीवन: सबसे आरामदेह और सबसे छोटा।

जन्म → घोंसले में आराम → पंख आना → उड़ान का दिन →
रानी को ढूँढना → मिलन → शांतिपूर्ण मृत्यु।

बस इतना ही है इनका पूरा करियर।

जब तक पूरी तरह विकसित नहीं हो जाते, घोंसले के अंदर ही रहते हैं,
और बाहर केवल एक बार—अपनी उड़ान के लिए—निकलते हैं।

नर की पूरी लाइफ़स्टोरी सुनकर तो लगता है,
किसी शायर ने उनका दर्द पढ़ लिया था
और दिल से यह शेर निकल गया:
“सज़ा प्यार की मौत से कम नहीं है…”

फेरोमोन: कुदरत का सबसे ख़तरनाक हथियार।

रानी का फेरोमोन न सिर्फ़ मज़दूरों को काम पर मजबूर करता है,
बल्कि उनके अंडाशय को पूरी तरह बंद रखता है।
यह रासायनिक संकेत श्रमिक चींटियों से चुपके से कहता है:
“चुपचाप काम करो—अंडे मैं ही दूँगी।”

और सबसे हैरान करने वाली बात—
इन लाखों बाँझ मज़दूर मादाओं में कभी ईर्ष्या नहीं होती!

इंसानी दुनिया में तो बस दो बहुएँ हों एक घर में—
एक के बच्चे हो जाएँ, दूसरी के न हों,
फिर तो कलह, ताने, जलन, सास-बहू सीरियल शुरू!

पर चींटियों के महल में लाखों मादाएँ बाँझ हैं,
फिर भी पूरी कॉलोनी में शांति।
उनके दिल में बस एक ही भावना है—
“हमें बच्चे नहीं हो रहे तो क्या,
हमारी रानी साहिबा तो हैं ही जो हमारी वंश-बेल को आगे बढ़ा रही हैं।
हम तो बस सेवा करेंगी।”

चींटी मरती है तो उसके शरीर से ओलिक एसिड निकलता है।
जैसे ही दूसरी चींटियाँ यह खुशबू पाती हैं,
लाश को कब्रिस्तान तक ले जाती हैं—बिना किसी को बताए।
अगर ज़िंदा चींटी पर भी यह एसिड डाल दो,
तो उसे ज़िंदा ही कब्रिस्तान फेंक आएँगी।

और अगर रानी मर गई तो फेरोमोन खत्म, बाँझ विद्रोह शुरू।
वर्षों से दबा मातृत्व जागता है।
मज़दूर मादाएँ अंडे देने लगती हैं—लेकिन उनसे सिर्फ़ नर पैदा होते हैं।
धीरे-धीरे कॉलोनी नर चींटियों से भर जाती है।
फिर शुरू होता महा-ड्रामा:

कोई खुद को झूठी रानी घोषित करती है,
बाकी उसकी पिटाई करती हैं,
अंडे चोरी होते हैं,
अंडे फेंके जाते हैं,
और कभी-कभी खून-खराबा तक पहुँच जाता है।

जो कॉलोनी कल तक दुनिया की सबसे अनुशासित थी,
वही एक दिन में सबसे बड़ा अव्यवस्थित हॉस्टल बन जाती है।
कुदरत को ड्रामा सचमुच बहुत पसंद है।

इतना ड्रामा, इतनी राजनीति,
इतना मैनेजमेंट, इतनी क्रांति—
सब कुछ एक ही छत के नीचे।

सचमुच,
कुदरत महान नहीं…
कुदरत तो जादूगरनी है।

माधवेंद्र भवन की भयावह दास्तान

माधवेंद्र भवन की भयावह दास्तान

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

जयपुर, रॉयल्टी की राजधानी... महलों और किलों की धरती। उन्हीं महलों में से एक है माधवेंद्र भवन — एक अद्भुत रचना जो नाहरगढ़ किले के भीतर स्थित है।

इस महल को राजा सवाई माधो सिंह ने अपनी नौ रानियों के लिए बनवाया था। महल का डिज़ाइन कुछ इस तरह से तैयार किया गया था कि गलियों का जाल और कमरे इतने पेचीदा तरीके से जुड़े थे कि एक बार भीतर प्रवेश कर लेने के बाद बाहर निकलना आसान नहीं होता था। यह वास्तव में एक भूल भुलैया थी, जिसमें कोई भी रास्ता सीधे तौर पर नज़र नहीं आता था।

इन सब के बीच में एक मुख्य गलियारा था — जो सभी कमरों को जोड़ता था, लेकिन वह रास्ता भी सीधा नहीं दिखता था। यह महल न केवल अपनी भव्यता के लिए बल्कि इतिहास और रहस्य के लिए भी जाना जाता है।

कहानी की शुरुआत

यह बात उस समय की है जब पापा-मम्मी, चाचा-चाची जयपुर घूमने आए थे। उनके साथ दादा-दादी और एक पड़ोसी परिवार भी था।

चार दिन के इस ट्रिप में वे स्टेशन के पास की सराय में ठहरे थे — वही खाना बनाना, वही सोना—हर ज़रूरी आवश्यकता का वहाँ पूरा बंदोबस्त था। वो दिन बहुत सुहाने थे, क्योंकि तब यात्रा से जुड़े कोई विशेष नियम या पाबंदियाँ नहीं थीं। दिन भर घूमना, खाना-पीना, मस्ती — सब कुछ बेहद सहजता से चलता रहा।

और आज उन सबका आख़िरी दिन था जयपुर में। कल उन्हें वापस अपने शहर डबरा लौटना था।

जयपुर की हवाओं में उस दिन एक अलग ही सिहरन थी। गुलाबी शहर की धड़कनों के बीच बसा था एक किला — नाहरगढ़। और उसके गर्भ में छिपा था एक अद्भुत, रहस्यमय महल — माधवेंद्र भवन।

उसी दिन, जब बाकी लोग कहीं और घूमने निकले थे, पापा अपने शौक की डोर थामे अकेले उस राजसी रहस्य की सैर पर निकल पड़े। उन्हें राजा–महाराजाओं के किले, हवेलियाँ और पुरानी दीवारों में दबी कहानियाँ बेहद आकर्षित करती थीं — और माधवेंद्र भवन उनके लिए मानो एक ख़ज़ाना था।

पापा ने किसी से ज़्यादा बात नहीं की। बस इतना कहा, “मैं थोड़ा महल देख आऊँ।” कोई नहीं जानता था कि यह ‘थोड़ा’ देखना कैसे एक डरावनी रात में बदल जाएगा।

महल का प्रवेश

महल का मुख्य प्रवेश द्वार बेहद भारी था — जैसे सदियों पुरानी साँसें उसमें अब भी अटकी हों। जब पापा ने भीतर कदम रखा, तो चारों ओर गूँजती खामोशी ने उनका स्वागत किया।

ऊँची दीवारें, पत्थरों में छिपी कहानियाँ, और वो संकरी गलियाँ — जिनमें जाने कितनों ने रास्ता खोया होगा। पापा हर मोड़ को ध्यान से देख रहे थे। लेकिन वे जानते थे कि यह महल साधारण नहीं है। इसीलिए वे अपने पीछे कुछ निशान छोड़ते जा रहे थे।

भूल भुलैया की शुरुआत

महल के भीतर कई रास्ते और अनेक दरवाज़े थे — लेकिन बाहर निकलने का रास्ता सिर्फ एक ही था। बाकी सारे रास्ते सिर्फ भ्रम पैदा करते थे।

पापा धीरे–धीरे महल के ऊपरी हिस्से तक पहुँच गए। उन्हें पता था कि अब इस किले और इसमें बसे महल को छोड़ने का समय आ गया है। वहाँ कुछ लड़के फोटो खींच रहे थे, तो पापा ने सोचा — "ये भी तो रुके हुए हैं", इसलिए वे भी वहीं रुक गए। उन्होंने तय किया कि जैसे ही वे लड़के नीचे उतरेंगे, वे भी उनके पीछे-पीछे चल देंगे।

पर यहीं से कहानी ने मोड़ ले लिया...

पापा महल की बनावट में इतने खो गए कि उन्हें यह भी पता नहीं चला कि लड़के कब वहाँ से चले गए। जब उन्हें इसका एहसास हुआ, तो वे दौड़ते हुए नीचे भागे, ताकि देख सकें कि वे किस रास्ते से निकल रहे थे। पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

कुछ क्षणों के लिए उन्हें उन लड़कों के कदमों की आहट और एक झलक महसूस हुई — और फिर चारों ओर सन्नाटा छा गया।

वे भूल चुके थे कि किस दरवाज़े से नीचे उतरना था। पापा ने पहला द्वार चुना — गलियारा लंबा था, और साया-सा सन्नाटा उसमें पसरा हुआ था। उन्होंने पहले छोड़े गए निशान ढूँढ़ने की कोशिश की, लेकिन हर मोड़ उन्हें एक जैसा ही लगने लगा। धीरे–धीरे उन्हें महसूस हुआ कि वे फिर उसी जगह लौट आए हैं।

फिर उन्होंने दूसरा दरवाज़ा चुना, फिर तीसरा... लेकिन हर बार वही नतीजा। अब उन्होंने हर मोड़, हर दरवाज़े पर निशान बनाना शुरू कर दिया।

लेकिन जैसे ही वे किसी गलियारे में दोबारा जाते, उन्हें उनके ही बनाए हुए पुराने निशान दिखते। यानी वे फिर से उसी जगह लौट आए थे।

हर रास्ता उन्हें उसी स्थान पर ले आता था — जैसे कोई अदृश्य शक्ति उन्हें बाहर निकलने से रोक रही हो।

पापा ने बताया — "नाहरगढ़ किले के नियमों के अनुसार, मुझे वहाँ से शाम होने से पहले निकल जाना था। मैं कई दरवाज़ों से होकर गुज़रा। हर बार लगता कि अब शायद बाहर निकल जाऊँगा, लेकिन हर बार मैं वहीं लौट आता था।"

हिम्मत की आख़िरी डोर

उनकी साँसें तेज हो चुकी थीं, कपड़े पसीने से तरबतर हो गए थे, और दिल डर से कांप रहा था। लेकिन वे हार मानने वालों में से नहीं थे।

उन्होंने बार–बार नए रास्ते आज़माए, हर दिशा में प्रयास किया — लेकिन महल जैसे उन्हें वापस अपनी गिरफ्त में खींच लाता।

उन्होंने बताया — "मैं हर जगह कुछ निशान छोड़ रहा था। 12 कमरों के इर्द-गिर्द फैले गलियारों को खंगालना तो दूर, मैं तो कुछ ही गलियारों में बुरी तरह उलझ गया था।"

शाम का सूरज ढल चुका था और महल अब अंधेरे में डूबने लगा था। झींगुरों की आवाज़ें गूंजने लगीं और हवा में एक अजीब-सी नमी भर गई। चमगादड़ उड़ते हुए दिखाई देने लगे — उनके पंखों की सरसराहट दिल की धड़कनों से टकरा रही थी।

पापा के पास कोई टॉर्च नहीं थी — बस दिल में एक उम्मीद थी। उन्होंने दीवारों को छूकर चलना शुरू किया, हर मोड़ और उभार को महसूस करते हुए रास्ता टटोलने लगे।

घंटों बीत गए थे। अब उन्हें यकीन होने लगा था कि शायद आज की रात इसी भूलभुलैया में गुज़रेगी।

उन्होंने बताया — "एक पल तो ऐसा भी आया जब मैं रो पड़ा। उस समय मेरी उम्र सिर्फ 21 या 22 साल रही होगी। मैं वहाँ घंटों से भटक रहा था। मुझे यह चिंता सता रही थी कि समय कुछ ज़्यादा हो गया है और परिवार के सदस्य बेसब्री से मेरा इंतज़ार कर रहे होंगे।"

रात की गहराई और उम्मीद की रौशनी

रात का काफ़ी समय बीत चुका था। पापा अब पूरी तरह थक चुके थे। डर और थकान उन्हें हार मानने पर मजबूर कर रही थी।

तभी दूर से एक आवाज़ आई — “कोई है?” पापा चौंक उठे। यह किसी आदमी की आवाज़ थी। उन्होंने तुरंत जवाब दिया — “चलो… चलो…”

यह उनका पुराना तरीका था किसी को पुकारने का।

दो सुरक्षाकर्मी टॉर्च के साथ गलियारों में गश्त लगा रहे थे। एक ने आवाज़ सुनी और कहा, “उधर कोई है!” जब टॉर्च की रोशनी पापा पर पड़ी, तो जैसे अंधेरे में साँसें वापस लौट आईं।

दोनों गार्ड्स उनके पास आए और उन्हें उस एकमात्र द्वार से बाहर ले गए, जो सही मायनों में बाहर की ओर खुलता था।

और इस तरह...

वो महल, जो राजा की नौ रानियों की आरामगाह था, एक रात के लिए एक आम इंसान के लिए एक डरावना पिंजरा बन गया।

एक रात जब घर में लाइट नहीं थी, तो हमेशा की तरह हम सभी घर के बाहर बैठे हुए थे। उसी वक्त पापा ने वो पुराना किस्सा सुनाया। उनकी बातें सुनकर हम सब रोमांच से भर गए।

लेकिन असली मोड़ तब आया जब चाचा ने धीमे स्वर में कहा —
“मुझे लगता है… शायद वो गार्ड्स मेरी वजह से आए थे।”

हम सब चौंक गए।
पापा ने पूछा, “तुम्हारी वजह से?”

चाचा बोले — “जब तू देर तक नहीं लौटा, मुझे यकीन था कि तू उसी महल में कहीं भटक रहा होगा। मैं बिना देर किए पैदल ही वहाँ पहुँच गया। बाहर खड़े अधिकारियों से कहा — ‘मेरा भाई अंदर गया है… और अब तक लौटा नहीं।’ शायद उन्होंने मेरी आवाज़ में छुपी बेचैनी को महसूस कर लिया।”

जब पापा गार्ड्स की मदद से महल के चंगुल से निकलकर किले से बाहर आते हुए स्टेशन की सराय पहुँचे, तब उन्हें — यानी चाचा को — ज़्यादा कुछ पता नहीं चल पाया था।

कई सालों बाद, जब यह किस्सा उनके कानों तक पहुँचा — तभी जाकर इस बात का असली खुलासा हो पाया।

उस पल पापा समझ पाए कि उस डरावनी रात में जो रोशनी आई थी — वो सिर्फ टॉर्च की नहीं, एक भाई के भरोसे की थी।

माधवेंद्र भवन की वो रात आज भी हमारे परिवार में एक किस्सा बनकर सुनाई जाती है — एक भूलभुलैया, एक रात, एक निशान, और एक ‘चलो...’ जो पापा की आवाज़ में आज भी गूंजता है।


समाप्त

तूफ़ान, खंडहर और वह भयावह रात

तूफ़ान, खंडहर और वह भयावह रात

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

यह कहानी उस एक शाम की है, जो शायद एक आम दिन होता... अगर कुदरत ने अपनी चाल न बदली होती।

मेरे पापा एक अनुभवी मैकेनिक हैं — वर्षों से मशीनों से बातें करते आ रहे हैं। उनकी विशेषता है अपनी प्रतिभाशाली वेल्डिंग तकनीक से ध्वस्त चीज़ों को भी नया जीवन देना।

बात बहुत पुरानी है — उस दिन उन्हें एक दूरदराज़ गाँव जाना पड़ा। वहाँ एक सरदार जी रहते थे, जिन्होंने अपने खेतों में कुछ मशीनों की मरम्मत और निर्माण कार्य के लिए उन्हें बुलाया था।

पापा ने एक छोटी वैन में अपना सारा सामान रखा — गैस सिलेंडर, वेल्डिंग के सभी उपकरण, औज़ारों की पेटियाँ, और चल पड़े।

गाँव तक पहुँचना आसान नहीं था। धूल भरी पगडंडी, रास्ते में कुछ गाय-बकरियाँ और इक्का-दुक्का झोंपड़ियाँ। लेकिन पापा के चेहरे पर मुस्कान थी — जैसे हर चुनौती को वो खुले दिल से स्वीकार करते हों।

गाँव के किनारे पहुँचते ही सरदार जी मिले — एक मीठी मुस्कान के साथ। दोनों बातचीत में मशगूल हो गए। तभी पापा की नज़र रास्ते के पार पड़ी — एक टूटा-फूटा कमरा, झूलती छत, लहराती झाड़ियाँ, दीवारों पर सीलन और वीरानी का आलम। वह जगह किसी डरावनी फिल्म के दृश्य जैसी लग रही थी।

पापा मुस्कराकर बोले, "सरदार जी, वो कमरा तो जैसे भूतों की कचहरी लगता है!"

सरदार जी हँस पड़े, "हाहाहा! कौन जाने, सुना है वहाँ कोई आत्मा रहती है!"

पापा ने तो हँस दिया, लेकिन सरदार जी की बात से मन में एक हलचल जरूर उठी।

सरदार जी बोले, "आप यहीं ठहरिए, मैं अपनी भैंस बाँधकर आता हूँ, बस दस-पंद्रह मिनट लगेंगे।"

वैन से सारा सामान उतारकर एक ओर रख दिया गया था। अब सरदार जी को अपने घर से बैलगाड़ी लानी थी, ताकि वह सारा सामान खेत तक पहुँचा सकें।

पापा वहीं खड़े रहे। आसमान गहराने लगा था। पंछी लौटने लगे थे। अचानक हवाएँ तेज़ चलने लगीं — जैसे कोई आहट हो।

फिर… आसमान गरजा। तेज़ बिजली चमकी और हल्की बूंदें ज़मीन पर गिरने लगीं।

पापा ने इधर-उधर देखा, पर सरदार जी कहीं दिखाई नहीं दिए।

बारिश तेज़ होने लगी तो पापा को वही पुराना खंडहर नज़र आया, जिस पर उन्होंने चुटकी ली थी। आज वही शरणस्थल बन गया था।

पापा ने बताया — "मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि मुझे उस डरावने कमरे में जाना पड़ेगा। सोचने का समय ही नहीं था, इसलिए भीगने से बचने के लिए मैं दौड़ पड़ा — जैसे मानो उस कमरे पर की गई मेरी टिप्पणी का बदला कुदरत मुझसे ले रही हो।"

कमरे के भीतर घुप्प अंधेरा था। सीलन की गंध दीवारों से उठ रही थी। टूटी चीज़ें हवा से टकराकर आवाज़ कर रही थीं।

पापा ने रोशनी करने की कोशिश की — कमरे में पड़े कुछ कूड़े जैसे पुराने फटे काग़ज़, पत्ते और पतली लकड़ियाँ इकट्ठा कीं। माचिस निकाली, लेकिन तेज़ हवा हर बार लौ बुझा देती थी।

आख़िरकार एक छोटी-सी लौ जली — काँपती हुई, जैसे डर को हराने की कोशिश कर रही हो।

पर वह भी ज़्यादा देर साथ न दे सकी।

अब सिर्फ बारिश की आवाज़ थी, दीवारों की सरसराहट, और खामोशी का डरावना संगीत।

पापा सोचने लगे — सरदार जी को तो बस भैंस बाँधनी थी... और फिर बैलगाड़ी लानी थी... अब तक क्यों नहीं आए?

कहीं... वो उनकी बात सच तो नहीं थी?

क्या वाक़ई... कोई आत्मा यहाँ रहती है?

एक सिहरन-सी दौड़ गई पापा की रीढ़ में। बाहर देखना चाहा, लेकिन अंधेरा ऐसा था जैसे रात ने काली चादर ओढ़ ली हो।

पापा ने बताया — "वो कमरा बेहद डरावना था। आँधी चल रही थी, टूटी-फूटी खिड़कियाँ खड़क रही थीं, और मैं उस अंधेरे में खड़ा बस इंतज़ार करता रहा। जैसे कुदरत ने मुझे उसी डर से रुबरू करवाने की ठान ली हो।"

वो चुपचाप बैठे रहे, हर आवाज़ पर चौंकते हुए।

काफ़ी देर बाद बारिश थमी, पर अंधेरा और वीरानी जस की तस थी।

फिर... बैलगाड़ी के पहियों की आवाज़ आई। पापा को कुछ स्पष्ट नहीं दिखा।

फिर... एक परछाईं नज़र आई।

कदमों की आहट... एक जानी-पहचानी आवाज़ — "ओ भाई!"

सरदार जी थे — पूरी तरह भीगे हुए, हाँफते हुए।

"कहाँ रह गए थे आप?" पापा की आवाज़ गुस्से से नहीं, डर से काँप रही थी।

सरदार जी हँसते हुए बोले, "ओ मत पूछ यार... भैंस रस्सी छुड़ाकर भाग गई थी। उसे पकड़ने में पूरा गाँव घूम लिया। हाथ ही नहीं आ रही थी!"

पापा कुछ नहीं बोले।

आख़िरकार दोनों ने सामान बैलगाड़ी में चढ़ाया और खेत की बजाय सरदार जी के घर चले गए — आज रात पापा को वहीं रुकना था।

रास्ते में सरदार जी ने पूरी कहानी सुनाई। तब पापा को समझ आया कि वो रात सरदार जी के लिए भी आसान नहीं रही।

पापा ने बताया — "सरदार जी और उनके परिवार ने मेरी जबरदस्त खातिरदारी की — देसी घी के मेवे के लड्डू, घी से तरबतर टिक्कड़, उड़द की दाल, हर व्यंजन प्यार से बना था। थकावट के बाद वो खाना जैसे आत्मा को तृप्त कर गया।'"

अगले दिन पापा ने मशीनों की मरम्मत की, कुछ निर्माण कार्य भी किए। शाम तक काम चलता रहा और सरदार जी ने खाने-पीने का पूरा ध्यान रखा।

जैसा वैन वाले को बताया गया था, वह समय पर पहुँचा — जहाँ पिछली बार सामान उतारा गया था।

घर लौटते वक्त, जब वही खंडहर दोबारा दिखा — पापा ने बताया:

"वो घर अब भी उतना ही डरावना, वीरान और उदास लगा। लेकिन तब एक पल को अचानक मुझे समझ आया — मजबूरी इंसान से वो भी करवा देती है, जो वो कभी करना नहीं चाहता। उस रात कुदरत ने मुझे कोई विकल्प नहीं दिया — बस एक अनुभव दे दिया।"

"वो कमरा, दिन के उजाले में भी डरावना था। लेकिन रात ने उसे एक याद में बदल दिया। डर, तूफ़ान और उस रात की छाया... और उसके बाद मिला एक सुखद एहसास।"

"अगर वो रात इतनी डरावनी न होती, तो शायद सरदार जी के घर का वो अपनापन और गर्मजोशी उतनी गहराई से महसूस न होती।" 

उस रात के बाद, जब भी बारिश होती है, जब हवा दरवाज़े से टकराकर आवाज़ करती है — पापा की आँखों में वही दृश्य तैर जाता है।

वो खंडहर... वो डर... और वो तूफ़ानी रात का साया...

और फिर... एक धीमा अहसास — "यह भी बीत जाएगा..."


समाप्त

मन में आया दृश्य जो सच साबित हुआ...

मन में आया दृश्य जो सच साबित हुआ...

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

यह बात तब की है, जब मेरी उम्र लगभग 15 या 16 साल रही होगी।

उस दिन मैं सुबह-सुबह सब्ज़ियाँ लेने रेलवे लाइन पार कर पास की ही मंडी जा रहा था।
वैसे तो सब्ज़ियाँ और भी कई जगहों पर मिल जाती थीं, जिससे मुझे पटरियाँ पार करने की ज़रूरत नहीं पड़ती।
लेकिन रेलवे लाइन के उस पार गाँव वालों की एक छोटी-सी मंडी लगती थी — जहाँ ज़्यादातर सब्ज़ियाँ स्वादिष्ट, ताज़ी, सेहतमंद और बिना किसी केमिकल के होती थीं।

इसीलिए, केवल मैं ही नहीं, बल्कि और भी बहुत लोग सब्ज़ियाँ लेने वहीं जाते थे।

मंडी का माहौल
वहाँ सब्ज़ियाँ ज़मीन पर बोरी या प्लास्टिक की थैलियों पर रखी होती थीं।
वो माहौल, वो बोलचाल, वो अपनापन — इसमें कुछ ऐसा था, जो शहरी दुकानों में कभी महसूस नहीं होता।

यात्रा की शुरुआत
मैं घर के सामने वाले रास्ते से पटरी पर चढ़ा और किनारे-किनारे चलता हुआ आगे बढ़ने लगा।
तभी अचानक मेरे मन में कुछ दृश्य उमड़ने लगे — एक कल्पना, एक एहसास सा।

मैंने अपने मन की आँखों से देखा — गाँव वालों की उसी मंडी में सोनू के पापा सब्ज़ियाँ लेते हुए मोलभाव कर रहे हैं और दुकानदार से कह रहे हैं:

“अब पैसे बचे नहीं हैं, इतने में ही दे दो।”


मैंने कल्पना में ही उनसे कहा:

“अरे, कम पड़ रहे हैं तो मुझसे ले लो।”


उन्होंने मेरी पीठ पर प्यार से हाथ फेरते हुए, अपने झोले की सब्ज़ियाँ दिखाते हुए जवाब दिया:

“बस बेटा, सब्ज़ी तो ले ली है, सोच रहा था कि करेले भी ले चलूँ…”


सिर्फ़ ख़्याल?
सब्ज़ी मंडी में मोलभाव करना और पैसे कम पड़ जाना, न होने पर किसी अपने से कुछ लेना-देना — ये तो आम बातें हैं।
और मन तो है ही कल्पनाओं का घर, कभी न कभी, कुछ न कुछ सोच ही लेता है।

पर अब ज़रा आगे सुनिए…

हक़ीक़त का सामना
ये सब कुछ मेरे मन में चल रहा था — न कोई सपना, न कोई अजीब कल्पना।
मैं तब तक मंडी पहुँचा भी नहीं था।

जब मैं मंडी पहुँचा, तो उस दृश्य को पीछे छोड़ चुका था।
अब ध्यान सिर्फ़ सब्ज़ियाँ खरीदने पर था — रोज़ की तरह भीड़, आवाज़ें, ताज़गी की ख़ुशबू।

तभी अचानक…
मुझे वही दिखे — सोनू के पापा

पहली बार मैंने ज़्यादा ध्यान नहीं दिया।
मन में हल्की-सी झलक आई कि मैंने तो इन्हें कुछ देर पहले “देखा” था… लेकिन खुद से कहा — “अरे, वो तो बस ख़्याल था।”

दूसरी बार वही दृश्य
कुछ देर बाद वे मुझे दूसरी जगह फिर दिखाई दिए — ठीक उसी तरह मोलभाव करते हुए और वही बात कहते हुए:

“अब पैसे बचे नहीं हैं, इतने में ही दे दो।”


इस बार मैंने वही किया जो मेरे ख़्यालों में आया था।
मैंने कहा:

“अरे, कम पड़ रहे हैं तो मुझसे ले लो।”


और जैसे मेरे मन का दृश्य हक़ीक़त बन गया हो —
उन्होंने मेरी पीठ पर प्यार से हाथ फेरते हुए, अपने झोले की सब्ज़ियाँ दिखाते हुए जवाब दिया:

“बस बेटा, सब्ज़ी तो ले ली है, सोच रहा था कि करेले भी ले चलूँ…”


पुराना जुड़ाव
सोनू के पापा से हमारे घर का एक विशेष जुड़ाव था।
हर साल मुहर्रम के महीने में उनके द्वारा हज़रत इमाम हुसैन की याद में रखे जाने वाले रोज़े का इमामबाड़ा हमारे घर के सामने ही सजाया जाता था।
मुहर्रम के दस-बारह दिन वे वहीं बिताते थे।

अब तक मैंने उन्हें उस सब्ज़ी मंडी में कभी नहीं देखा था।
हालाँकि वे पटरियों के उस पार रहते थे, लेकिन उनका घर उस मंडी से काफ़ी दूर — गुप्तापुरा में था।

तो फिर…?
उस दिन मैं मंडी पहुँचने से पहले जो दृश्य अपने मन में देख चुका था — वह कैसे सच्चाई बन गया?

शायद यह मेरे जीवन का एक छोटा-सा पूर्वाभास था।
कभी-कभी जीवन हमें पहले ही बता देता है कि आगे क्या आने वाला है —
बस ज़रूरत होती है उन संकेतों को समझने की।

पर यह शायद उन संकेतों में से नहीं था।
यह भी केवल अवचेतन मन का एक खेल था।
और ऐसी बातें — या इससे मिलती-जुलती अवस्थाएँ — अवचेतन मन से जुड़े लोगों में अक्सर होती रहती हैं।

अंत में…
जो महसूस किया, वह महज़ एक ख़्याल नहीं था —
वह दिल की गहराई से निकला हुआ सच था, जिसे मन पहले ही जान चुका था।

कुदरत का खेल

कुदरत का खेल

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

एक बार मेरी बुआ अपने मायके आई हुई थीं और एक-दो दिन के लिए हमारे घर पर रुकी थीं। एक रात घर में अच्छी-खासी बातों की महफ़िल जमी थी। चाय बन रही थी और इसके बाद हम सभी मिलकर एक अच्छी सी फ़िल्म देखने का भी प्लान बना रहे थे। लेकिन बातों का सिलसिला इतना दिलचस्प था कि उसी में बड़ा लुत्फ़ आ रहा था।

बातों के दौरान अचानक पता नहीं क्या मोड़ आया कि मेरा भाई अपने एक दोस्त के दोस्त का ज़िक्र करने लगा—या यूँ कहें कि वह उस पर हँस रहा था। भाई ने उसका नाम लेते हुए कहा कि जब भी वह किसी शादी में जाता है, उसे किसी न किसी लड़की से प्यार हो जाता है। फिर वह अपने दोस्तों से अक्सर इस तरह की बातें करता—

"यार, वो मुझे देख रही थी..."

और उसके सभी दोस्त हमेशा की तरह उसे समझाते—

"नहीं देख रही थी यार..."

तो उसका हमेशा रुआँसा होकर और झुँझलाकर तेज़ आवाज़ में जवाब होता—

"नहीं यार, देख रही थी — वो मुझे!"

यह सुनकर हम सब हँसने लगे।

यह बात सही है कि किसी लड़की की नज़र हमेशा किसी खास मंशा से नहीं होती। लेकिन अगर कोई लड़की आपको देखती है, तो क्या इसका मतलब यह निकाला जाए कि वह आपसे प्यार करती है? या फिर आपको भी उससे प्यार करना चाहिए?

बात यहीं से निकलकर और मज़ेदार हो गई, जब बुआ ने अपने टीनएज दिनों का एक किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा कि जब वे अपनी सहेलियों के साथ आँगन में काम करती थीं, तो बगल वाले घर का एक लड़का अक्सर उन्हें छत से देखा करता था। वे जल्दी-जल्दी काम निपटा लेतीं और वहाँ से हट जातीं। लेकिन यह बात उन्होंने कभी अपने भाइयों से नहीं कही—कहीं वे गुस्से में आकर उस लड़के को कुछ कर न दें।

"वो लड़का वैसे बुरा नहीं था," बुआ बोलीं, "बस उसमें एक अजीब-सी आदत थी — मुस्कुराते हुए लगातार ताकते रहना।"

हमें यह जानकर बहुत हँसी आई कि जो अंकल अब शांत, शरीफ़ और संस्कारी दिखते हैं, वे कभी ऐसे भी हुआ करते थे।

बातों का सिलसिला यूँ ही चलता रहा...

बुआ द्वारा सुनाई गई ये बातें बहुत पुरानी थीं।

समय बीतता गया। बुआ ने जब वह पुरानी यादों से जुड़ा क़िस्सा सुनाया था—उसके लगभग एक साल बाद…

एक शाम मैं चाचा के साथ बाहर बैठा था। उन्होंने उसी शख़्स का ज़िक्र छेड़ा और बोले—
"कल वह अपने घर के पास रहने वाली एक लड़की की शिकायत लेकर उसके चाचा के पास गया था… उस वक़्त मैं भी वहीं मौजूद था।"

उसने उस लड़की के चाचा से कहा—

"आपकी भतीजी, बगल में रहने वाले लड़के से रोज़ छत पर आकर बातें करती है। मैं रोज़ उन्हें बातचीत करते देखता हूँ।"

वह इंसान, जो किशोरावस्था में छत पर खड़ा होकर दूसरों के आँगन में झाँका करता था, आज किसी और की बेटी पर उंगली उठा रहा था।

कुदरत का खेल अजीब है।

वह इंसान, जो कभी ताक-झाँक करके मुस्कुराया करता था, आज उसी दिशा में बार-बार देख रहा है—पर अब ग़ुस्से और जलन के साथ।

जब भी वे दोनों छत पर बातें करते, कुदरत जैसे बार-बार उसका ध्यान उसी ओर खींच लेती — जहाँ कभी उसकी नज़रें टिकती थीं।

कुदरत जैसे उसे यह सबक सिखा रही थी कि दूसरों के घर झाँकना क्या होता है।

शिकायत से कुछ नहीं होगा... कुदरत कर्मों के बदले खुद तय करती है—कब कैसे और किसके ज़रिए।

आपको क्या लगता है, वह उस लड़की के चाचा से सिर्फ़ इसलिए शिकायत करने गया था क्योंकि उसे रिश्तों और समाज की परवाह थी? नहीं!

दरअसल, रंगीन मिज़ाज के बहुत-से लोगों में मैंने एक अजीब बात देखी है—जब वे किसी और को वही करते देखते हैं जो कभी वे खुद करते थे (या अब भी करते हैं), तो उनका दिल भीतर से जल उठता है।

जब खुद करते हैं, तो सब जायज़ लगता है। लेकिन जब कोई और करे, तो नफ़रत, जलन और ताने शुरू हो जाते हैं।

मुझे आज भी याद है मम्मी जिनसे कपड़े लाया करती थीं—अशोक भैया।

उनके प्लास्टिक बैग पर नीचे एक लाइन छपी होती थी—

"जैसी करनी वैसा फल, आज नहीं तो निश्चय कल।"

कुदरत अगर हिसाब करने बैठे, तो बरसों इंतज़ार कर सकती है।

फिर जब जवाब देती है, तो इंसान सिर्फ़ यही कहता है—

"पता नहीं ये सब मेरे साथ ही क्यों हो रहा है?"

लेकिन सच ये है कि कर्म हमेशा लौटते हैं।

और जो तकलीफ़ आप दूसरों को देते हैं, वही तकलीफ़ कई गुना होकर वापस आती है।

क्योंकि हर कहानी की शुरुआत आपकी ही नज़र से होती है — और उसका अंत, कुदरत अपने हिसाब से लिखती है।


यह लेख सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। इसमें सम्मिलित सभी पात्रों की निजता का सम्मान करते हुए किसी का वास्तविक नाम प्रकाशित नहीं किया गया है।

जब सोनू और उसके दोस्त का हुआ अद्भुत, अविश्वसनीय और अकल्पनीय घटनाओं से सामना

जब सोनू और उसके दोस्त का हुआ अद्भुत, अविश्वसनीय और अकल्पनीय घटनाओं से सामना

Ghibli-style illustration inspired by Shabbir Khan’s life and writings

इन कहानियों का मक़सद डर फैलाना नहीं,
बल्कि उन घटनाओं की तह तक पहुँचना है
जो हमारे सामने तो आती हैं, पर समझ से परे रह जाती हैं।

हर कहानी एक अनुभव है,
जो इंसान और अदृश्य दुनिया के बीच की उस पतली परत को छूती है,
जिसे हम “संयोग” या “भ्रम” कहकर नज़रअंदाज़ कर देते हैं।

पर जो इन अनुभवों से गुज़रे हैं,
वे जानते हैं —
भ्रम और वास्तविकता के बीच का फ़ासला
कभी-कभी बस एक साँस की दूरी पर होता है।

सोनू — एक साधारण ज़िंदगी जीने वाला शख्स,
पर असाधारण घटनाओं का गवाह।

उसके जीवन में जो घटा,
वह इतना अद्भुत, अविश्वसनीय और अकल्पनीय था कि
उसे शब्दों में बाँधना आसान नहीं था,
और हैरानी की बात यह भी रही कि
ऐसा उसके साथ केवल एक ही बार नहीं हुआ था।

ये तीन असाधारण घटनाएँ
उसकी यादों में हमेशा के लिए दर्ज हो गईं —
कभी डर के रूप में,
कभी रहस्य के रूप में,
और कभी किसी अनकहे संकेत के रूप में।

अगर आप सोचते हैं कि
अंधेरा सिर्फ़ रोशनी की अनुपस्थिति है,
तो इन कहानियों को पढ़ने के बाद
आपका यह विश्वास शायद टूट जाएगा।

क्योंकि कभी-कभी
जो हमें दिखता है,
वो सच नहीं होता —
और जो सच होता है,
वो दिखता नहीं।


🕯️ कहानियों की शुरुआत…

1. “आख़िर कौन था वो…”

सोनू दिनभर के काम से थककर घर लौटता है। अकेलेपन से बचने के लिए वह रसोई में चिकन कोरमा बनाने का फैसला करता है। घंटों की मेहनत और थकान के बाद खाना तैयार हो जाता है। खाना खाकर जब वह बिस्तर पर लेटता है, थोड़ी ही देर बाद उसे अचानक एहसास होता है—कोई उसे दबोचे हुए है।

क रात, सोनू अपना काम निपटा कर थका-हारा घर लौट रहा था।
रास्ते में उसके मन में ख्याल आया, “क्यों न आज घर पर चिकन बना लूँ?”
बीवी मायके गई हुई थी और बच्चे भी साथ नहीं थे।
घर में पसरा सन्नाटा उसे और भी अकेला महसूस करा रहा था।
मन ही मन उसने सोचा—“आज कुछ नया करना चाहिए। इससे अकेलेपन का एहसास भी कुछ कम होगा।”

उसने अपनी मोटरसाइकिल चिकन सेंटर की ओर मोड़ी,
वहाँ से चिकन लिया और घर लौट आया।

रात गहराती जा रही थी।
घर पहुँचकर उसने नहाने-धोने की तैयारी की।
थकान के बावजूद वह खुश था कि आज रसोई खुद सँभालेगा।
“रात अब अपनी है,” उसने मन में कहा।
“जब बच्चे नहीं हैं, तो खाना देर से बने तो क्या ही फर्क पड़ता है।”

नहाने के बाद उसने आटा गूँधा, रोटियाँ बनाई और उन्हें डिब्बे में रख दिया।
अब बस एक ही काम बचा था — चिकन कोरमा बनाना।

सोनू और उसकी बीवी, दोनों ही खाना बनाने में माहिर थे — या यूँ कहें कि बेहतरीन रसोइये थे।
जब भी वे नॉनवेज बनाते, तो उसमें मूँगफली, नारियल का पेस्ट, केवड़ा वॉटर और खास मसालों का ऐसा मेल डालते, जो स्वाद में चार चाँद लगा देता था।

उस रात भी सोनू ने उसी अंदाज़ में कोरमा बनाना शुरू किया।
चिकन मेरिनेट किया,
प्याज़, लहसुन, अदरक और उन ख़ास मसालों की खुशबू से पूरा घर महक उठा।

थोड़ी देर बाद वह बाहर निकला तो देखा—
पड़ोसी मुस्कुराते हुए उससे कह रहे थे,
“क्या बात है, सोनू! बहुत बढ़िया खुशबू आ रही है। क्या बन रहा है?”

यूँ ही कुछ हँसी-मज़ाक और बातें होती रहीं,
और बातचीत खत्म होते ही सोनू खाना खाने के लिए तैयारी करने लगा।

उसने सारा खाना और बर्तन बिस्तर पर रखे—
और वहीं बैठकर खाने लगा।

दिनभर की मेहनत और रसोई की मशक्कत के बाद
वह बेहद थक चुका था।

खाना स्वादिष्ट था—इतना कि उसकी आत्मा तक तृप्त हो गई।
थकान इतनी थी कि उठने का मन नहीं हुआ। वही बर्तन खिसकाए,
चिकन की हड्डियाँ उसने खिड़की से बाहर फेंक दी थी और वही हाथ धोकर तुरंत बिस्तर पर लेट गया।

बस थोड़ा करवट लेकर लेटा ही था कि वह गहरी नींद में डूब गया।

पर तभी—
अचानक उसकी आँखें खुलीं और उसे एहसास हुआ कि कोई उसे दबोचे हुए हैं।

उसने मन ही मन घबरा कर कहा—
“आज तो किसी ने मुझे पकड़ लिया!”

कौन है यह जानने के लिए वह घबरा कर पीठ के बल सीधा लेट गया,
और देखा—एक 12–13 साल का लड़का उससे हाथापाई कर रहा है!

सोनू ने भी उसके हाथ पकड़ने की कोशिश की,
तो उसकी उंगलियाँ सोनू के हाथों में आ गईं।
सोनू घबरा गया—
“उसकी उँगलियाँ… बहुत लंबी थीं,
सामान्य से लगभग दुगनी।”

फिर उसने सोनू के हाथ पकड़ लिए।

सोनू गुस्से में बोला—
“हाथ पकड़ने से क्या होगा? मुँह तो है मेरा…”

बस इतना सुनते ही वह लड़का अपनी एड़ी सोनू के मुँह में घुसेड़ने लगा।

काफी देर तक संघर्ष चलता रहा।
और फिर वह लड़का अचानक आँखों से ओझल हो गया।

सोनू हैरान रह गया—
लाइट जल रही थी,
दरवाज़ा अंदर से बंद था।
कोई रास्ता नहीं था कि कोई अंदर आए या बाहर जाए।
तो फिर… वह कौन था?
कहाँ से आया और आख़िर कैसे गायब हो गया?

डर से काँपता सोनू पूरी रात सो नहीं सका।
घबरा कर उसने नक्श-ए-हिफाज़त को अपने सीने से लगाकर रख लिया।
पर डर उसके दिल और दिमाग से निकल नहीं रहा था।

गहरी नींद और गहरा डर आपस में टकरा रहे थे।
वह चाह कर भी सो नहीं पा रहा था।

उसने तय किया—
“अब मैं तभी सोऊँगा जब अज़ान होगी।”

घड़ी की टिक-टिक और समय मानो थम सा गया।
वह बेचैनी से सुबह का इंतजार करता रहा।
इंतजार… इंतजार… और दिल में बसा एक खौफनाक डर—
कहीं वह फिर से न आ जाए।

आख़िरकार अज़ान की आवाज़ आई—
और उसका डर धीरे-धीरे कम होता गया।
थोड़ी ही देर बाद वह गहरी नींद में खो गया।

जब जागा, तो उसे एहसास हुआ कि काफी समय बीत चुका था।
घर से बाहर निकलते ही मानो डर उससे कोसों दूर भाग गया।

दिन के उजाले में फिर उसने अपने दोस्तों और परिचितों को सारी बात बताई।

किसी ने कहा—“तुम्हें इतनी रात में चिकन नहीं बनाना चाहिए था।”
किसी ने कहा—“रात में हड्डियाँ खिड़की से नहीं फेंकनी चाहिए थीं।”
और किसी ने कहा—“जब हम गोश्त खाते हैं, तो हड्डियों पर थोड़ा गोश्त लगा छोड़ देना चाहिए।”

उस घटना की वजह चाहे जो भी रही हो—
सोनू आज तक असल वजह नहीं जान पाया कि आख़िर वह कौन था, कहाँ से आया था और मुझसे आख़िरकार किस चीज़ का बदला ले रहा था…



2. “दोस्ती या एक साज़िश”

सोनू घर लौटते समय रेलवे पटरी के पास अपने पुराने दोस्त की जानी-पहचानी आवाज़ सुनता है। खुशी से वह उससे बातें करने लगता है और पटरी पर बैठ जाता है। तभी अचानक एक अजनबी आदमी दौड़ता हुआ आता है, सोनू को झटके से खींचकर ट्रेन की चपेट से बचा लेता है—और फिर कहता है, “यहाँ कोई दोस्त नहीं था।”

ह घटना उस समय की है जब सोनू दूर कहीं खेरी इलाके के आस-पास काम कर रहा था।
दिनभर का काम निपटाकर वह अब घर लौट रहा था।

जब वह रेलवे की पटरियों के पास से गुजर ही रहा था, तभी अचानक उसके कानों में एक जानी-पहचानी आवाज़ पड़ी—

“और सुनाओ, सोनू भाई! कहाँ हो आजकल?”

सोनू ने ध्यान से देखा—
अरे, यह तो वही पुराना दोस्त है, आदिवासी, जिसके साथ वह कभी काम कर चुका है!
वही कैप, वही खुशमिजाज चेहरा, वही अंदाज़ और वही बातें।

सोनू खुश होकर बोला—
“अबे, तू! कितने दिन बाद मिल रहा है!”

दोनों बातें करने लगे।
दोस्त ने पटरी की तरफ इशारा करते हुए, पटरी पर हाथ पटका—“आओ, बैठो।”

सोनू ने मना किया—
“नहीं यार, यहाँ नहीं। ट्रेन आ जाएगी।”

दोस्त बोला—
“अरे नहीं, अभी कोई ट्रेन नहीं आ रही।”

सोनू ने भी शायद यही सोचा—अगर ट्रेन आई, तो पता चल ही जाएगा,
और वह भी पटरी पर बैठ गया।

दोनों पुराने दिनों की बातें करने लगे।
कितने प्रोजेक्ट्स साथ किए थे,
कैसे हँसी-मज़ाक में दिन गुज़रते थे…

थोड़ा ही समय बीता था कि तभी—

एक अजनबी शख़्स गुस्से में वहाँ दौड़ता हुआ आया,
और अपशब्द कहते हुए उसने सोनू का हाथ पकड़कर उसे पटरी से दूर फेंक दिया!

सोनू गुस्से में कुछ कहने ही वाला था कि तभी उसने देखा—
ट्रेन तेज़ हॉर्न बजाते हुए, गरजती आवाज़ के साथ धड़धड़ाती हुई उसी पटरी पर से गुजर रही थी।

सोनू हक्का-बक्का-सा रह गया।
अगर वह आदमी न होता,
तो वह कब का ट्रेन की चपेट में आ चुका होता।

सोनू ने चारों ओर देखा—
“अरे, मेरा दोस्त कहाँ गया?”

आदमी ने कहा—
“कौन सा दोस्त? यहाँ कोई दोस्त नहीं था।
मैं तो बहुत पहले से तुझे अकेले ही बात करते देख चुका हूँ।”

उस आदमी ने कई बार सोनू को वहाँ बैठने से रोकने के लिए आवाज़ दी थी,
पर सोनू ऐसे बैठा रहा, मानो उसने कुछ सुना ही न हो।
आदमी हैरान था कि वह किससे बातें कर रहा है।
ट्रेन की आवाज़ सुनते ही उसने तुरंत पटरी की ओर देखा—सोनू अब भी वहीं था।

सोनू को यकीन नहीं हुआ।
वह बार-बार इधर-उधर देखने लगा,
पर उसका दोस्त कहीं नहीं मिला।

आदमी ने सोनू से कहा—
“ऐसा कर, अब तू घर जा।
यहाँ कोई नहीं था।
तू अकेला ही था… मेरी आवाज़ तक तो सुन नहीं रहा था।”

सोनू चुपचाप घर चला आया।
रातभर यही सोचता रहा—
क्या सच में मेरा दोस्त ट्रेन से कट गया?
वह, जब इतनी गर्मजोशी से बात कर रहा था,
फिर मुझसे बिना मिले, बिना कुछ कहे अचानक कहाँ चला गया?
क्या उस आदमी की बात सही थी, पर मेरा दोस्त तो सच में वहाँ था।

उसका मन बेचैन रहा,
हर पल उसी सोच में डूबा रहा।

आख़िरकार समय बीता…

एक दिन, जब सोनू उन्हीं साथियों के साथ काम कर रहा था,
जिनके साथ वही दोस्त भी कभी शामिल रह चुका था,
सोनू ने अनजान-सा बनकर अचानक पूछा—
“क्यों, वह अपना दोस्त कहाँ है आजकल? वह 'आदिवासी', जो कैप पहनता था?”

साथियों ने चौंककर कहा—
“क्यों, तुझे पता ही नहीं चला अभी तक? वह तो तीन-चार महीने पहले ही मर गया।”

सोनू के शरीर में सिहरन दौड़ गई।
और एक पल के लिए पूरा माहौल बदल गया।

सोनू — जिससे वह कुछ ही दिनों पहले रेल की पटरी पर बैठकर बातें कर चुका था —
वह तो तीन-चार महीने पहले ही मर चुका था।

यह घटना पैरानॉर्मल एक्सपर्ट्स की उन बातों पर यक़ीन करने को मजबूर कर देती है—कि भूत अक्सर अकेले नहीं, बल्कि समूह में रहते हैं; और कभी-कभी, जिन्हें वे पसंद कर लेते हैं, उन्हें अपने साथ ले जाने की कोशिश भी करते हैं।

कुछ विशेषज्ञ तो यह भी मानते हैं कि प्रेतात्माओं में एक तरह की वशीकरण-सी शक्ति होती है—जो कुछ खास इंसानों को अपने मोहपाश में बाँध लेती है।

शायद तभी, उस दिन —
सोनू को ट्रेन की वह तेज़, गर्जनभरी आवाज़ तक सुनाई नहीं दी।



3. “छलावा एक, नज़रिए दो”

सोनू और उसका दोस्त रात में एडवेंचर करते हुए रास्ते में एक बकरी का बच्चा देखते हैं। सोनू को वह एक साधारण जानवर लगता है, लेकिन बाद में उसका दोस्त बताता है कि वह दरअसल एक छलावा था — जो किसी भी जानवर या इंसान का रूप ले सकता है। आगे वह बताता है कि उसने उस मेमने को पूरी तरह जला हुआ देखा था।

ह उन दिनों की बात है जब सोनू और उसके दोस्त
एडवेंचर के नए-नए बहाने ढूँढा करते थे—
कभी मछली पकड़ने निकल जाते,
तो कभी रात में नदी किनारे कैंपिंग किया करते।

वहीं कुछ बनाते, वहीं कुछ खाते।

ऐसी ही एक रात—
सोनू और उसका दोस्त एडवेंचर से भरे, वीरान रास्तों से गुजर रहे थे।
रात का सन्नाटा, चाँदनी की हल्की चमक,
और झाड़ियों की सरसराहट—
सब मिलकर उस रात को और भी रहस्यमयी और रोमांचक बना रहे थे।

चलते-चलते सोनू ने देखा—
सामने एक बकरी का बच्चा खड़ा था, मानो किसी का इंतज़ार कर रहा हो।

सोनू हैरानी से बोला—
“इतने वीराने में यह मेमना यहाँ क्या कर रहा है?
इसे घर ले चलते हैं।”

उसकी बातों में उसके दोस्त को कुछ अजीब-सा लगा।
वह कुछ पल चुप रहा।
उसे लगा जैसे कुछ ठीक नहीं है—
फिर भी उस वक़्त उसने कुछ नहीं कहा, बस धीमी आवाज़ में बोला,
“चल...”

दोनों घर लौट गए।
रात गुज़र गई।

जब अगली बार मुलाकात हुई,
तो उसके दोस्त ने सोनू से बड़बड़ाते हुए कहा—
“तुझे पता भी है, वो क्या था?”

सोनू चौंक पड़ा—“क्या मतलब?”

वह बोला—
“वो कोई मेमना नहीं था…
वो छलावा था!
जो किसी भी जानवर या इंसान का रूप ले सकता है।”

सोनू चौंक गया।
दोस्त ने आगे कहा—
“क्या तूने नहीं देखा था कि वह पूरा जला हुआ था?
उसके बाल झुलसे हुए थे,
और उसमें से जलने की गंध आ रही थी?”

दोस्त की पूरी बातें सुनने के बाद सोनू निःशब्द रह गया।
उसे वह पुरानी कहानियाँ याद आ गईं—
जहाँ जिन्न जानवरों का रूप लेकर
इंसानों को डराते या भ्रम में डालते है।

उस रात सोनू के दोस्त को तुरंत समझ आ गया था कि वह क्या था।
इसी वजह से सोनू अगली मुलाकात में समझ पाया कि आख़िर उसका दोस्त उस रात उस मासूम जानवर को घर क्यों नहीं ले जाना चाहता था।
क्योंकि वह मेमना दोनों को अलग-अलग रूप में दिख रहा था—
एक को जला हुआ, और एक को सामान्य स्थिति में।

उस रात भले ही सोनू को वह मेमना सामान्य लग रहा था,
लेकिन दोस्त की बातों ने उसे यकीन दिला दिया कि
यह किसी डरावनी चाल के सिवा कुछ नहीं था।

समय बीतता गया।
सोनू को अब समझ आ गया था कि ये घटनाएँ सिर्फ़ डर नहीं हैं — बल्कि किसी गहरे इशारे का हिस्सा हैं।
जैसे कोई अनदेखी ताक़त उसे यह जताना चाहती हो कि —
प्रेत-आत्माओं और जिन्नों की दुनिया वाक़ई मौजूद है।

सिर्फ़ सोनू ही नहीं, बल्कि उसके खानदान के कई लोगों का
इन रहस्यमय घटनाओं से कभी-न-कभी सामना हो चुका था।

अक्सर देखा गया है कि किसी परिवार में यदि एक सदस्य में
प्रेत-आत्माओं को देखने या महसूस करने की क्षमता होती है,
तो वही शक्ति समय के साथ परिवार की अगली पीढ़ियों में भी उतर आती है।

ऐसा क्यों होता है?
इसका जवाब मुझे पहली बार “A Haunting” नाम के एक शो से मिला,
जो बहुत पहले Discovery Channel पर आता था — Zee TV के “Fear Files” से भी पहले।

उस शो में मैंने कई पैरानॉर्मल एक्सपर्ट्स को यह कहते सुना था—
कुछ लोगों के पास जन्मजात क्षमता होती है:
आत्माओं को देख पाना,
उनसे संवाद कर पाना,
या उनके अधूरे जीवन की गूंज महसूस कर पाना।

खासकर उन विदेशियों में, जिनके भीतर यह शक्ति होती है,
वे अक्सर उन पैरानॉर्मल टीमों का हिस्सा बन जाते हैं,
जो लोगों को ऐसी आत्माओं से मुक्ति दिलाने का काम करती हैं।

एक रात, सोनू के पूरे परिवार ने घर में
एक विशाल, डरावनी आकृति देखी थी —
वह आकृति इतनी भयानक थी कि उसके पापा अचानक ज़ोर से चीख पड़े थे।

सोनू के चाचा भी पैरानॉर्मल एक्सपर्ट रह चुके हैं।
एक रात, जब वे अपने परिवार और संबंधियों के साथ जीप में सवार होकर
किसी गाँव की शादी में जा रहे थे,
तो बीच रास्ते सुनसान इलाक़े में अचानक उनकी जीप रुक गई।

उसी वक़्त, घने अंधेरे में से कुछ भटके हुए लोग
जीप के पास आए और ड्राइवर से रास्ता पूछने लगे।

ड्राइवर कुछ कह पाता, उससे पहले ही
चाचा ने उसे धीमी आवाज़ में कहा — “कुछ नहीं... बस चलो।”

लेकिन ड्राइवर ने उनकी बात अनसुनी कर दी,
और उन लोगों को रास्ता बताने लगा।

तभी चाचा ने जेब से माचिस निकाली।
एक तीली जलाई —
इससे पहले कि लौ की रोशनी उन चेहरों पर पड़ती,
वे… पल भर में गायब हो गए।

वे भटके हुए लोग नहीं,
बल्कि भटकती आत्माएँ थीं।


समाप्त।


इस पोस्ट में सोनू के साथ घटी असाधारण घटनाओं का ज़िक्र किया गया है — जिन पर मेरा और आपका नज़रिया अलग-अलग हो सकता है। इस लेख का असल मकसद यही है कि हम किसी भी विषय को नकारने के बजाय उसकी तह तक जाकर उन अद्भुत, अविश्वसनीय और अकल्पनीय घटनाओं को समझने की कोशिश करें, जो हमारे तर्क से परे होते हुए भी किसी न किसी रूप में हमें सोचने पर मजबूर कर देती हैं।